विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद: कांवड़ियों का डीजे वाहन पलटा, स्कूटी सवार तीन छात्राएं गंभीर घायल

By Neelesh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 17 Aug 2026 08:22 PM (IST)

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में माधवगंज रेलवे ओवरब्रिज पर कांवड़ियों का डीजे वाहन पलटने से स्कूटी सवार ज्ञानदीप स्कूल की तीन ...और पढ़ें

शिकोहाबाद में स्कूटी के ऊपर पलटा डीजे वाहन।

शिकोहाबाद में स्कूटी के ऊपर पलटा डीजे वाहन।

संवाद सूत्र, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। एनसीसी फिटनेस परीक्षण के बाद स्कूटी से घर लौट रहीं ज्ञानदीप स्कूल की तीन छात्राओं पर सोमवार दोपहर माधवगंज रेलवे ओवरब्रिज पर कांवड़ियों का डीजे (लोडर) वाहन पलट गया। गनीमत रही उसका एक हिस्सा पुल की दीवार से सट गया, जिससे छात्राओं की जान बच गई। स्वजन ने तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

कांवड़ यात्रा के चलते विद्यालयों का अवकाश होने के बाद भी सोमवार को एनसीसी की 21 छात्राओं को फिटनेस परीक्षण के लिए बुलाया था। परीक्षण के बाद 11वीं में पढ़ने वाली 16 वर्षीय वंदना निवासी माधवगंज, 16 वर्षीय संगम निवासी गांव डाहिनी और 17 वर्षीय आयुषी निवासी नगला बांध स्कूटी से घर लौट रही थीं। दोपहर दो बजे छात्राएं माधवगंज रेलवे ओवर ब्रिज से जा रहीं थीं।

इसी दौरान बटेश्वर में कांवड़ चढ़ाने के बाद लौट रहा डीजे वाहन ओवरब्रिज पर चढ़ते समय मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया, जो सामने से आ रहीं छात्राओं पर गिरा। हादसे में तीन छात्राएं स्कूटी सहित लोडर के नीचे दब गई। लोडर का कुछ हिस्सा पुल की दीवार से टिक गया। इससे सड़क और लोडर के बीच में एक से डेढ़ फीट जगह रहने के कारण छात्राओं की जान बच गई

छात्राओं की चीख पुकार सुनकर राहगीरों के साथ ही सहसपुर के सिपाही आकाश अपने साथियों के साथ बचाव कार्य में जुट गए। लोडर के नीचे से छात्राओं को निकालने के बाद आटो से स्टेशन रोड नदी पुल के पास स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल वंदना और संगम को स्वजन प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल में ले गए।

सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, सीओ शेखर सेंगर व इंस्पेक्टर अनुज कुमार मौके पर पहुंचे। ज्ञानदीप स्कूल की निदेशक प्रधानाचार्य डा. रजनी यादव भी आ गईं। इस घटना से ओवरब्रिज पर आधा घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस ने लोडर को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि हादसे के बाद वाहन चालक एवं अन्य लोग भाग गए। उनकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।