विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद में नामकरण संस्कार की खुशियां मातम में बदलीं, सिलेंडर लीकेज से युवती की मौत

By Rajeev Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 13 Aug 2026 07:17 PM (IST)

फिरोजाबाद के मोहिनीपुर गांव में सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग लगने से एक युवती की जलकर मौत हो ...और पढ़ें

आग लगने के बाद बिखरा पड़ा सामान और इनसेट में मृतक कल्पना का फाइल फोटो।

आग लगने के बाद बिखरा पड़ा सामान और इनसेट में मृतक कल्पना का फाइल फोटो।

संवाद सूत्र, मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। मोहिनीपुर गांव में गुरुवार दोपहर सिलिंडर से गैस का रिसाव होने के कारण घर में आग लग गई। हादसे में भतीजे के नामकरण संस्कार के लिए खाना बना रही युवती की जलकर मृत्यु हो गई। लपटों के बीच घिरी युवती ने जान बचाने के लिए बरामदे से नीचे कूदने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हो सकी।

इस बीच सिलिंडर फटने की अफवाह से गांव में दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड ने आधा घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। घटना दोपहर 12.30 बजे की है। मोहिनीपुर निवासी रमेशचंद्र कुशवाह के बेटे मुकेश की पत्नी ने सात दिन पहले बेटे को जन्म दिया था। गुरुवार को घर में नामकरण संस्कार का आयोजन था। कुछ रिश्तेदार आ चुके थे, कुछ शाम को दावत में आने वाले थे।

20 वर्षीय बेटी कल्पना मकान की पहली मंजिल पर स्थित बरामदे में दावत के लिए खाना बना रही थीं। सिलिंडर से गैस का रिसाव होने से अचानक आग लग गई। कुछ ही पल में आग ऊपरी मंजिल पर फैल गई। लपटाें के बीच कल्पना घिर गई। उस की चीखपुकार सुनकर घर के नीचे वाले हिस्से में मौजूद स्वजन व ग्रामीण ऊपर की और दौड़े, लेकिन आग के कारण पहुंच नहीं पाए

कल्पना ने भी बरामदे से कूदने का प्रयास किया, लेकिन कूद नहीं सकी। इस दौरन सबमर्सिबल चलाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। किसी तरह कल्पना को जली हुई अवस्था में बाहर निकाला गया। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, सीओ शेखर सेंगर, मक्खनपुर थानाध्यक्ष चमन शर्मा और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। आधा घंटे के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।

कल्पना को स्वजन सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इधर सिलिंडर फटने की अफवाह से गांव में अफरातफरी मच गई। आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। भाई मुकेश कुशवाह ने बताया कि शाम को कार्यक्रम होना था। बहन की मृत्यु से खुशियां मातम में बदल गई हैं

तीन दिन पहले ही एजेंसी से आए सिलिंडर को लगाया गया था। सिलिंडर लीक होने से हादसा हुआ है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सतेंद्र पांडेय का भी कहना है कि सिलिंडर से गैस रिसाव होने के कारण आग लग की है।