विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक दिन की DM, आठवीं क्लास की नीति ने संभाला फिरोजाबाद जिला; जिलाधिकारी बने असिसटेंट

By Kartikey Nath Dwivedi Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 15 Oct 2026 08:00 PM (IST)

फिरोजाबाद में मिशन शक्ति के तहत आठवीं की छात्रा नीति दुबे एक दिन की डीएम बनीं, जबकि रिचा यादव ने ...और पढ़ें

फिरोजाबाद में गुरुवार को डीएम की कुर्सी पर बैठी नीति।

फिरोजाबाद में गुरुवार को डीएम की कुर्सी पर बैठी नीति।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय सिविल लाइन में कक्षा आठ में पढ़ने वाली नीति दुबे गुरुवार सुबह 10.30 बजे कलक्ट्रेट पहुंचीं तो अपने कार्यालय में खुद डीएम ने उनका स्वागत किया और अपनी कुर्सी पर बिठाया। इसके बाद पास में दूसरी कुर्सी पर बैठकर सहायक की भूमिका में नजर आए।

नीति ने बिना किसी झिझक के कार्यालय में आए लोगों की शिकायतें सुनीं और ऑनलाइन उपस्थित अधिकारियों से निस्तारण के संबंध में सीधे बात की। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एका में हाई स्कूल टाप करने वाली छात्रा रिचा ने सीडीओ की तरह समस्याएं सुनीं।

नवरात्र में मिशन शक्ति के तहत गुरुवार को प्रशासन ने दो छात्राओं को सांकेतिक रूप से डीएम और सीडीओ बनाने का निर्णय लिया था। जिससे बालिकाओं में आगे बढ़ने की ललक और साहस पैदा हो। डीएम बनी नीति दुबे मक्खनपुर चौराहे के पास रहती हैं। उनके पिता जितेंद्र दुबे प्राइवेट वाहन चालक हैं। नीति पढ़ाई में होशियार तो हैं ही वह पेंटिंग भी अच्छी बनाती हैं और वाक्य संप्रेषण में कुशल हैं।

कुछ माह पूर्व उन्होंने जिले में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने टीचिंग लर्निंग मैटेरियल (टीएलएम) का प्रदर्शन किया था। वहीं कुछ दिन पूर्व स्कूल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीएम संतोष कुमार से पूछा था कि क्या वे वह भी डीएम बन सकती हैं। डीएम ने अपनी कुर्सी पर बिठाकर उन्हें इसका उत्तर दिया।

जनसुनवाई के दौरान एक किसान ने सदर तहसील में खसरा-खतौनी की नकल मिलने में आ रही परेशानी की शिकायत की तो नीति ने तहसीलदार से सीधे इसका कारण पूछा और निर्देश दिए कि बिना किसी परेशानी के किसान को नकल उपलब्ध कराएं।

इसी तरह तहसीलदार जसराना, खंड विकास अधिकारी मदनपुर से वार्ता कर शिकायतों के निस्तारण के लिए कहा। इस उपलब्धि पर छात्रा ने कहा कि वह बहुत खुश हैं। उनका सपना पूरा हुआ। अब वह प्रशासनिक अधिकारी बनने के लिए पूरा प्रयास करेंगीं।

रिचा ने दिए मंदिरों में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाने के निर्देश

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एका मेंं कक्षा-11 की छात्रा रिचा यादव का विकास भवन में सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने स्वागत किया। उन्हें सीडीओ की जिम्मेदारियों, प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया तथा विकास योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभान्वित करने के संबंध में बताया। रिचा यादव ने पिछले वर्ष अपने स्कूल में हाई स्कूल की परीक्षा में टाप किया था। उनके पिता ओमवीर किसान हैं।

चार बहनों में सबसे बड़ी रिचा अपने ननिहाल सिकंदरपुर पाढ़म में रहती हैं। उन्होंने भी कार्यालय में दो घंटे तक जनसुनवाई की। इसके बाद नवरात्र को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्र के देवी मंदिरों, प्रतिमा विसर्जन स्थलों और उनके आसपास विशेष रूप से सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।