विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद: आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दौड़ती प्राइवेट बस में चालक ने युवती को दबोचा, छेड़छाड़

By Neelesh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 13 Oct 2026 01:56 PM (IST)

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक निजी बस में चालक ने पीछे की सीट पर सो रही युवती से छेड़छाड़ की। पुलिस ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

संवाद सूत्र, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही प्राइवेट बस में चालक ने पीछे की सीट पर सो रही युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी। बस रोककर उसे दबोच लिया। युवती की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने नसीरपुर क्षेत्र में बस को घेर कर रुकवा लिया। इस बीच यात्रियों ने चालक की पिटाई कर दी। युवती द्वारा तहरीर न देने पर उप निरीक्षक ने चालक के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया है।

सुल्तानपुर के गौसाईगंज क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय युवती गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करती है। रविवार को वह घर से गुरुग्राम जाने के लिए आजमगढ़ से दिल्ली जा रही बस में बैठी थी। उसे चालक के ठीक पीछे सीट मिली। एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही बस में रविवार रात तीन बजे चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। चीखते चिल्लाते हुए युवती ने 112 पर पुलिस को सूचना दी।

यात्रियों ने भी चालक का विरोध किया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। सूचना पर अलर्ट हुई नसीरपुर पुलिस ने माइल स्टोन 51 के पास बस को घेरकर रोक लिया। इस बीच यात्रियों ने चालक की पिटाई कर दी। पुलिस ने आगरा, एत्मादपुर के मोहल्ला शतुरभान निवासी बस चालक फैसल को गिरफ्तार कर लिया। युवती से तहरीर देने के लिए कहा तो मना कर दिया।

इस पर उप निरीक्षक सुदेश कुमार ने चालक के खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर अश्लील हरकत करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बस को रुकवाकर चालक को गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया।

निरस्त होगा चालक का लाइसेंस

एसएसपी ने बताया कि चालक की गिरफ्तारी के बाद बस में सवार स्टाफ का थाना पुलिस ने सत्यापन किया। दूसरे चालक को बुलाकर बस रवाना की गई। आरोपित चालक का ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त कराने की संस्तुति की जाएगी।