हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद रात में पार्षदों का धरना समाप्त
वार्डों में विकास कार्य नहीं कराने, नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्षदों ने धरना दिया। दिनभर वार्ता होती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। देर रात वार्ता के बाद धरना समाप्त हो गया।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: वार्डों में विकास कार्य नहीं कराने, नगर निगम में भ्रष्टाचार और अपनी अनदेखी से नाराज पार्षद सोमवार को नगर निगम परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। पार्षदों ने बताया कि वार्डों में विकास कार्य नहीं कराए जाने से जनता के कोप का सामना उन्हें करना पड़ता है, जबकि मेयर और नगर आयुक्त समस्या सुनने को तैयार नहीं हैं। इनकी नारेबाजी से रात साढ़े दस बजे तक नगर निगम गूंजता रहा। इस दौरान कई बार पुलिस कर्मियों से पार्षदों की धक्का मुक्की हुई और मामला बिगड़ते बिगड़ते बचा। पार्षदों ने फीरोजाबाद सदर विधायक मनीष असीजा से भी मोबाइल पर बात की। विधायक की पहल पर एसपी सिटी राजेश कुमार ¨सह दुबारा धरना स्थल पर आए। उन्होंने समस्या निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
दोपहर तीन बजे से नगर निगम परिसर में पांडाल बनवाकर धरने पर बैठे पार्षदों ने कहा कि बोर्ड गठित हुए नौ माह गुजर गए, लेकिन वार्डों में विकास कार्य नहीं कराए हैं। निगम प्रशासन विकास कार्य कराने के बजाय टालमटोल रवैया अपनाता है। वार्डों में विकास कार्य नहीं होने से जनता और पार्षद दोनों ही परेशान हैं। बीते एक सप्ताह में दो तीन बार बैठक भी हुई है, लेकिन समस्या हल नहीं हुई। निगम प्रशासन पार्षदों की सुनवाई नहीें कर रहा है। इससे पूर्व पार्षद सुबह पालीवाल सभागार में पीस कमेटी की बैठक में आयीं डीएम नेहा शर्मा से मिले एवं स्थिति से अवगत कराया। शहर में सफाई व्यवस्था के नाम पर हर माह लाखों रुपये का गोलमाल करने के संबंध में शिकायत की। डीएम ने जांच का आश्वासन दिया। डीएम से मुलाकात करने के बाद पार्षदों ने नगर आयुक्त के कक्ष में बैठक की। रात साढ़े दस बजे तक मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा। इस दौरान कई बार पुलिस और पार्षदों के बीच तीखी नोंकझोंक हुईं। कई बार मामला बिगड़ते बिगड़ते बचा। आखिरकार पार्षद धरना समाप्त करने को राजी हो गए।
धरने पर पार्षद मोहित अग्रवाल, पूनम शर्मा, रेखा यादव, सोबरन ¨सह, मुनेंद्र यादव, गेंदा लाल राठौर और विनीता अग्रवाल समेत करीब 45 पार्षद बैठे। ----------
मेयर ने नगर विकास मंत्री को भेजा प्रोग्रेस रिपोर्ट : मेयर नूतन राठौर ने बताया कि 13 और 14 वें वित्त आयोग की धनराशि से शहर में विकास के काफी कार्य कराए हैं। तमाम कार्य प्रस्तावित हैं। इसकी प्रोग्रेस रिपोर्ट उन्होंने नगर विकास मंत्री को भेज दी है। जहां कार्य पूरे हो गए हैं, वहां शिला पट्टिकाएं शीघ्र लगनी शुरू हो जाएंगी।