ग्लास फैक्ट्री में भट्ठी फटने से मची अफरातफरी
नगला भाऊ स्थित कांच उत्पादक कारखाने में भट्ठी फटने से अफरातफरी मच गई। काम कर रहे मजदूर फैले गर्म कांच से झुलसने से बाल-बाल बच गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड कर्मी पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : नगला भाऊ स्थित एक कांच उत्पादक कारखाने में भट्ठी फटने से अफरातफरी मच गई। गर्म कांच फैलने लगा। मौके पर पुलिस फोर्स भी पहुंच गया। तीन दमकल मौके पर पहुंची तथा उन्होंने पानी छिड़क गर्म कांच को शांत किया। देर रात तक राहत कार्य जारी था।
नगला भाऊ पर स्थित आनंद ग्लास में कांच का उत्पादन होता है। शाम छह बजे करीब एकाएक गर्म कांच से भरी भट्टी लीकेज हो गई। पिघला हुआ कांच बहने लगा तो फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। मजदूर भी बाहर निकल आए। हालांकि कोई चुटैल नहीं हुआ। आनन-फानन में अग्निशमन विभाग को सूचित किया। फैक्ट्री में काम बंद हो गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी जसवीर ¨सह के निर्देशन में तीन दमकल की गाड़ियां यहां पर पहुंच गई। इधर भट्ठी की गैस सप्लाई बंद कर दी गई। मौके पर थाना दक्षिण पुलिस भी पहुंच गई। दमकल ने दहकते हुए कांच पर काबू पाया। इधर देर रात तक भट्ठी की मरम्मत का काम जारी था।