आंधी ने उड़ाया बिजली का फ्यूज
शुक्रवार रात पेड़ टूटने से मुख्यालय सहित 48 गांव अंधकार में डूबे औद्योगिक क्षेत्र में दो जगह तार टूटने से जैन नगर में आपूर्ति ठप
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: शुक्रवार रात आई तेज आंधी के कारण शहर से देहात तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। फाल्ट खोजने रात में टीमें दौड़ती रहीं। देर रात तक बिजली न आने से लोगों की नींद उड़ गई।
रात नौ बजे तेज आंधी शुरू होने के साथ पूरा शहर अंधकार में डूब गया। सुहाग नगर, गांधी पार्क, एसएन, लेबर कॉलोनी, रामनगर, आसफाबाद सहित शहर व देहात के अधिकांश सबस्टेशन से आपूर्ति बंद कर दी गई। दबरई सबस्टेशन के अंतर्गत कई पेड़ टूटकर लाइनों के ऊपर गिर गए, जिससे जिला मुख्यालय सहित 48 गांव अंधकार में डूब गए। अवर अभियंता धर्मेंद्र राजपूत ने रात में टीम के साथ मौके पर पहुंचकर लाइनों के ऊपर गिरे पेड़ कटवाने का कार्य शुरू कराया। तब रात में एक बजे के बाद आपूर्ति शुरू हो सकी। इधर इंडस्ट्रियल एरिया में दो स्थानों पर 11 केवी की लाइन टूटने से पूरे जैन नगर की आपूर्ति बाधित हो गई। टीम को बुलाकर रात में तार जोड़ने का कार्य शुरू कराया तब 12 बजे के बाद आपूर्ति चालू हो सकी। शिकोहाबाद में आवास विकास सबस्टेशन की सप्लाई भी रात एक बजे के सुचारू हुई।