पीडी जैन कॉलेज के मैदान पर गूंजे भगवान बुद्ध के संदेश
सुबह निकाली गई बौद्ध भिक्षु भ्रमण एवं धम्म संदेश यात्रा देश विदेश से आए भिक्षुओं ने बताई बुद्ध दर्शन की महत्ता
फीरोजाबाद, जासं, पीडी जैन इंटर कॉलेज के मैदान पर अखिल भारतीय बौद्ध भिक्षु एवं बौद्ध धर्म सम्मेलन का आयोजन कराया जा रहा है। सोमवार दूसरे दिन टापाकला से बौद्ध भिक्षु भ्रमण एवं धम्म संदेश यात्रा निकाली गई। जो विभिन्न मार्गो से होती हुई सिद्धार्थ बुद्ध बिहार पर पहुंचकर संपन्न हुई। उसके बाद आयोजन स्थल पर देश विदेश से आए भिक्षुओं ने बौद्ध धर्म की महत्ता पर प्रकाश डाला।
सुबह आठ बजे भंते बुद्ध शरण महास्थविर ने टापा कला स्थित बौद्ध टेंट हाउस से बौद्ध भिक्षु भ्रमण एवं धम्म संदेश यात्रा का शुभारंभ किया। संदेश यात्रा मायापुरी, माता अहिल्याबाई होल्कर चौक, नगला करन सिंह, कोटला चुंगी, नगला मिर्जा बड़ा, सैलई रोड होती हुई सिद्धार्थ बुद्ध बिहार पर पहुंचकर संपन्न हुई। जिसमें शामिल बौद्ध भिक्षु एवं अनुयायी भगवान बुद्ध के संदेश देते हुए चल रहे थे। उसके बाद दोपहर एक बजे से पीडी जैन कॉलेज के मैदान पर सम्मेलन शुरू हुआ।
जिसमें नेपाल से आए भंते उदयभद्र, श्रीलंका से आए भंते विमल शिष्य, म्यामार से आए भंते उथापा, बोध गया से आए भंते नागसेन, वैज्ञानिक अतुल प्रकाश आर्य, रायबरेली से आए भंते श्रवण शील सहित अन्य भंते ने सभी महिलाओं को शिक्षा, दीक्षा, समानता, सुरक्षा और सम्मान प्रदान करने में बौद्ध धर्म का योगदान, परंपरागत बौद्ध, पिछड़े वर्गीय बौद्ध एवं आंबेडकरवादी बौद्ध में धार्मिक एकता और सामाजिक समानता स्थापित कैसे हो, जातिविहीन बौद्ध धर्म, जातिगत आरक्षण व्यवस्था का सामंजस्य कैसे हो और समाधान क्या है, सामाजिक संतुलन और सहकारी संगठन का विकास कैसे हो, बौद्ध धर्म का वैज्ञानिक स्वरूप, बुद्ध कथाओं का मनोरंजनवादी स्वरूप आदि बिंदुओं पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भंते बुद्ध शरण महास्थविर और संचालन केपी सिंह बौद्ध ने किया। इस दौरान आयोजक मंडल में बीडी देशमुख, डॉ. ज्ञान सिंह, देवानंद गौतम, गुरुचरण गौतम, मुरारीलाल, अनिल कुमार, ज्ञान सिंह, हम्मीर सिंह सहित दर्जनों की संख्या में पुरुष और महिलाएं मौजूद रहीं।
---
आज टूंडला में निकाली जाएगी धम्म संदेश यात्रा
मंगलवार सुबह आठ बजे से बौद्ध भिक्षु भ्रमण एवं धम्म संदेश यात्रा टूंडला के डॉ. आंबेडकर पार्क नगला राधेलाल से शुरू होगी। जो दीपा चौराहा, अंडरग्राउंड रेलवे पुल से होती हुई नगला रती स्थित बुद्ध बिहार पर संपन्न होगी।