कांग्रेसियों ने काली पट्टी बांध तहसील में दिया धरना
कांग्रेसियों ने काली पट्टी बांध तहसील में दिया धरना
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर सदर तहसील में धरना दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को तत्काल रिहा करने, फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई।
कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11 बजे सदर तहसील पहुंचे। सबसे पहले भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी के विरोध में उपवास रखकर, माथे पर काली पट्टी बांधकर धरना शुरू किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार जन विरोधी कार्य कर रही है। कांग्रेस पार्टी गरीबों, प्रवासी मजदूरों, असहायों की मदद कर रही है। प्रदेश सरकार उसमें रुकावट पैदा कर रही है, जिससे सरकार का जन विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है। सरकार से हमारी मांग है कि प्रदेश अध्यक्ष को तत्काल रिहा किया जाए। प्रदीप माथुर, विवेक बंसल सहित जिन कांग्रेसियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उनको तत्काल वापस लिया जाए। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हाजी साजिद बेग ने कश्मीरी गेट स्थित कैंप कार्यालय काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने ई-मेल के जरिए राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा। धरने में मनोज भटेले, वीरेंद्र सिंह, सौरभ पोरवाल, वकार अहमद शामिल रहे।