कांग्रेस प्रत्याशी कार्यालय पर हंगामा, नारेबाजी
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : कांग्रेस में गुटबाजी तेज होती जा रही है। मंगलवार को एक काय
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : कांग्रेस में गुटबाजी तेज होती जा रही है। मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान कुछ कांग्रेसजनों ने कार्यवाहक जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी कर दी। हालांकि बाद में यह कार्यकर्ता चले गए। इस पर कांग्रेस नेताओं ने चुप्पी साध ली है।
घटना मंगलवार दोपहर की है। बताया जाता है कांग्रेस प्रत्याशी के कार्यालय पर मंगलवार को कुछ कांग्रेस नेता पहुंचे। मेयर प्रत्याशी शहजहां परवीन दर्जनों समर्थकों व वार्ड प्रत्याशियों के साथ चुनावी चर्चा कर रही थीं। बताया जाता है कि जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रकाशनिधि गर्ग व महानगर कार्यवाहक अध्यक्ष हाजी साजिद बेग भी मौजूद थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता यहां पर पहुंच गए। इन्होंने प्रदेश अध्यक्ष द्वारा नियुक्त कार्यवाहक जिलाध्यक्षों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध करते हुए हंगामा भी किया। कुछ नेताओं द्वारा जब इसका विरोध किया तो यहां पर हॉट-टॉक भी हो गई। कार्यालय में अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने हंगामा करने वालों को समझा बुझाकर शांत किया। कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष साजिद बेग ने कहा कि वह दफ्तर के भीतर प्रचार सामग्री बांट रहे थे। तभी कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। यह लोग कौन थे, इसकी जानकारी नहीं है। जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी का मोबाइल स्विच ऑफ होने से संपर्क नहीं हो सका।