ये सूरत बदसूरत है, बदलनी चाहिए..
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: पूरी दुनिया में कांच नगरी के नाम से विख्यात फीरोजाबाद। खनकती च
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: पूरी दुनिया में कांच नगरी के नाम से विख्यात फीरोजाबाद। खनकती चूड़ियों का नगर, लेकिन इन खूबियों पर गंदगी एक बदनुमा दाग है। पर्यावरण मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक फीरोजाबाद देश के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों की लिस्ट में छठवें स्थान पर है। यहां गलियों में ही नहीं हाईवे किनारे भी कूड़े के ढेर नजर आते हैं। रेलवे स्टेशन हो, रोडवेज बस स्टैंड, अस्पताल या सदर बाजार। गंदगी का आलम ये है कि कई क्षेत्रों से गुजरते समय रुमाल खुद-ब-खुद नाक पर पहुंच जाता है। लग्जरी कार से चलने वाले लोग भी शहर से हाईवे पर गुजरते समय एसी बंद कर देते हैं। इस तस्वीर के लिए केवल नगर निगम का नाकारापन दोषी नहीं है। हम भी कहीं न कहीं जिम्मेवार हैं, इसलिए इस दाग को मिटाने में हमें भी अपनी भूमिका तय करनी होगी। सुहागनगरी को कांच की तरह साफ और चमकीला बनाना है, तो लक्ष्य तय करने होंगे। उन पर काम करना होगा। क्लीन फीरोजाबाद के लिए 'दैनिक जागरण' ने नगर निगम और सामाजिक संगठनों के साथ शुरुआत कर दी है। अब आप भी शुरुआत कीजिए। जुड़िए हमारे साथ। करिए अपने शहर को साफ। यह अभियान दशहरा से दीपावली तक चलेगा।
---
सुबह आठ बजे पहुंचिए गोमती नगर..
अभियान की शुरुआत रविवार को गोमती नगर से होगी। सुबह आठ बजे यहां दैनिक जागरण और नगर निगम की टीम, समाजसेवी संगठन और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित होंगे। नगर निगम के सफाई कर्मियों की टीम के साथ गाडि़यां भी होंगी, जो गंदगी को स्थाई रूप से साफ करेंगी।
----
दिलाई जाएगी स्वेच्छा से स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम में शामिल लोक नागरिक कल्याण समिति के सदस्य क्षेत्रीय लोगों को स्वेच्छा से स्वच्छता की शपथ दिलाएंगे। साथ ही अभियान में शामिल होने के लिए भी प्रेरित करेंगे।