टूंडला में धूमधाम से निकली भगवान आदिनाथ की रथयात्रा
नगर के शिखराश्रम में चलने वाले दो दिवसीय जैन मेले का शनिवार को शुभारंभ हुआ। भगवान आदिनाथ की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। पालिकाध्यक्ष समेत अनेक लोगों ने भगवान की आरती उतारी।
संवाद सहयोगी, टूंडला: नगर के शिखराश्रम में चलने वाले दो दिवसीय जैन मेले का शनिवार को शुभारंभ हो गया। इस दौरान भगवान आदिनाथ की रथयात्रा निकाली गई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
रथयात्रा का शुभारंभ बड़े जैन मंदिर पर जसवीर प्रसाद जैन ने आरती उतारकर किया। रथयात्रा में सबसे आगे जैन समाज के बच्चे झंडे व पताका लेकर चल रहे थे। उनके पीछे बैंड अपनी मधुर ध्वनि बिखेरता हुआ चल रहा था। सबसे पीछे भगवान आदिनाथ का रथ चल रहा था। 24 भगवान की झांकियां रथयात्रा में शामिल थीं। जैन समाज के लोग उनकी सेवा करते हुए चल रहे थे। रथ के आगे चल रहीं महिलाएं मंगल गान करती हुई चल रही थीं। यात्रा जैन मंदिर से दीपा का चौराहा, कोतवाली परिसर, रामलीला मैदान, भारत माता चौक, सब्जी मंडी, सुभाष चौराहा होती हुई शांतिनाथ जिनालय एटा रोड पहुंची और शिखराश्रम पर आकर समाप्त हुई। शिखराश्रम में भगवान आदिनाथ का जलाभिषेक किया गया और विशेष पूजा-अर्चना की गई। रात्रि को महाआरती और समाज के बुजुर्गो का सम्मान कार्यक्रम, विशाल भजन संध्या एक शाम विद्या सागर के नाम का आयोजन किया गया। रविवार दोपहर को सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि में विराट कवि सम्मेलन का होगा। रथयात्रा में जैन समाज के अध्यक्ष जसवीर प्रसाद जैन, कमेटी अध्यक्ष त्रिशांत जैन, अंकित जैन, अमन जैन, मनु जैन, अर्पित जैन, विशाल जैन कोटकी, संत कुमार जैन, सुभाष जैन, विशाल जैन बसई, राहुल जैन, हार्दिक जैन, विकास जैन, रजत जैन, प्रदीप जैन, राजीव जैन चंदा, प्रदीप जैन पिद्दा, सतेन्द्र जैन, विपिन कुमार जैन, समुद्रगुप्त जैन आदि मौजूद रहे।
जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा: भगवान आदिनाथ की रथयात्रा का मार्ग में पुष्प वर्षा व आरती उतारकर जगह-जगह स्वागत किया गया। वहीं समाज के लोगों द्वारा मीठे पानी व फल वितरित किए गए। युवतियां नृत्य करते हुए चल रहीं थीं।