जिले भर में धूमधाम से निकाली गई महर्षि वाल्मीकि की शोभायात्रा
फीरोजाबाद (जासं): बुधवार को महर्षि वाल्मीकि की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। निगम की मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष और विधायक ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
फीरोजाबाद (जासं): बुधवार को महर्षि वाल्मीकि की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई, जिसमें शामिल डेढ़ दर्जन से अधिक झांकियां आकर्षक रहीं। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और आरती उतारकर स्वागत किया। सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से शुरु हुई शोभायात्रा नगर निगम परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।
मेयर नूतन राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमोल यादव और सदर विधायक मनीष असीजा ने संयुक्त रुप से सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। सबसे आगे ऊंट- घोड़ा पर सवार लोग नगाड़े बजाते हुए शोभायात्रा निकलने की आहट दे रहे थे। उनके पीछे श्रीराम, सीता, लवकुश, हनुमान की झांकी चल रही थी। काली अखाड़े अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में सबसे पीछे महर्षि वाल्मीकि की झांकी चल रही थी। झांकियां रंग बिरंगी झालरों से दमक रही थीं। शोभायात्रा का कई स्थानों पर स्वागत किया गया। शोभायात्रा शास्त्री मार्केट, सेंट्रल चौराहा, गांधी पार्क चौराहे से होती हुई नगर निगम परिसर पहुंची। उसके बाद यहां सभा हुई, जिसमें वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व सुबह 11 बजे नगर निगम परिसर स्थित महर्षि वाल्मीकि वाटिका पर हवन पूजन किया गया। इस दौरान अशोक वाल्मीकि, रामनाथ आजाद, हरीओम वर्मा, मोहित अग्रवाल, प्रमोद राजोरिया, योगेश शरन, बबलू गौतम, राजकुमार, अजय वाल्मीकि, सुभाष कुमार, हजारी वाल्मीकि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
----
प्रतिमा का किया दुग्धाभिषेक
फीरोजाबाद: भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज द्वारा मुहल्ला मायापुरी स्थित महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया गया। इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष ¨प्रस राय, प्रवीन वाल्मीकि, इंद्रराज आनंद, अवधेश वाल्मीकि, प्रवीन चौहान,स्वराज जीवन, सोनू वाल्मीकि आदि लोग उपस्थित रहे।