डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से देवर-भाभी की मौत, फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर हुई दर्दनाक घटना
फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह डिब्रूगढ़ राजधानी ट्रेन से कटकर देवर-भाभी की मृत्यु हो गई। वे प्लेटफार्म दो से तीन की तरफ जा रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई। बुलंदशहर के छतारी गांव निवासी सनी और सोनमति रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे तभी ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे से स्टेशन पर अफरातफरी मच गई और बच्चे बिलखने लगे। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही डिब्रूगढ़ राजधानी की चपेट में आने से बुधवार सुबह पौने आठ बजे देवर-भाभी की मृत्यु हो गई। वे फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म दो से तीन की तरफ जा रहे थे। तभी दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे के अफरातफरी मच गई। आंखों के सामने दुर्घटना देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्री सहम गए। ट्रेन गुजरने के बाद आरपीएफ और जीआरपी पहुंची।
बुलंदशहर में छतारी थानाक्षेत्र के छतारी गांव का 21 वर्षीय सनी दो दिन पहले मुहल्ला संतनगर, थाना दक्षिण में अपनी बहन गौरी के बेटे के नामकरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार के लोगों के साथ आया था।
कार्यक्रम में शामिल होने आए थे रिश्तेदार
चचेरे भाई अरुण ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर और रिश्तेदार मिलाकर 25 लोग आए थे। कुछ लोग रात में ही लौट गए थे। शेष लोग बुधवार सुबह लौट रहे थे। उनके साथ छह बच्चों समेत 10 लोग थे। उन्हें प्लेटफार्म दो से तीन पर जाना था। सीधे रेलवे ट्रैक पार कर पहले बच्चों को पहुंचाया। अंत में सनी और 35 वर्षीय सोनमति निवासी छितारा, बुलंदशहर रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। तभी कानपुर की तरफ से आ रही डिब्रूगढ़ राजधानी ट्रेन की चपेट में आकर दोनों की मृत्यु हो गई।
आंखाें के सामने मौत देखकर बच्चे हुए बेहाल
मृतका के सोनमति सनी के बुआ के बेटे मोनू की पत्नी थी। उसके तीन बच्चे भी साथ थे। आंखों के सामने की मृत्यु देखकर बच्चे बिलखने लगे। स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। जीआरपी प्रभारी सुशील कुमार, स्टेशन अधीक्षक देवेंद्र कुमार और आरपीएफ मौके पर पहुंची। साथ में रहे अरुण ने बहन को सूचना दी तो वे रिश्तेदार भी स्टेशन पर आ गए।
जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने बताया कि डिब्रूगढ़ राजधानी की चपेट में आने से देवर-भाभी की मृत्यु हुई है। स्वजन आ गए है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।