Move to Jagran APP

जसराना में मंडप से दूल्हा फरार

फीरोजाबाद: फेरों से पहले शौच के बहाने निकला, ढूढ़ते रह गए परिवार वाले। पुलिस ने दूल्हे का पिता हिरासत में लिया, दुल्हन का शादी से इन्कार।

By JagranEdited By: Published: Fri, 29 Jun 2018 11:14 PM (IST)Updated: Fri, 29 Jun 2018 11:14 PM (IST)
जसराना में मंडप से दूल्हा फरार
जसराना में मंडप से दूल्हा फरार

संवाद सहयोगी जसराना: सात दिन पहले शादी तय हुई और धूमधाम से बरात चढ़ाई गई। घुड़चढ़ी और वरमाला तक सब कुछ ठीक था। मंडप की रस्में भी शुरू हो गई, बस फेरे पड़ने की बारी थी। तभी दूल्हे को न जाने क्या सूझा वह शौच के बहाने निकल गया और फिर लौटकर नहीं आया। दूल्हे के भागने की खबर फैलते ही खलबली मच गई। पुलिस ने दूल्हे के पिता और बहनोई को हिरासत में ले लिया। इस हरकत से अवाक दुल्हन ने भी अब उस दूल्हे के साथ शादी करने से इन्कार कर दिया है।

loksabha election banner

खैरगढ़ के गांव आसनपुर बरतरा से शशिकांत की बरात गुरुवार को जसराना के एक गांव में आई थी। रात करीब आठ बजे धूमधाम से बरात वधू पक्ष के दरवाजे पर पहुंची। घरातियों ने बरात का स्वागत सत्कार किया। द्वारचार रस्म के बाद सभी बारातियों ने दावत का आनंद लिया। शुक्रवार सुबह छह बजे कन्यादान की रस्म हो रही थी। महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं। फेरे लेने की तैयारी हो रही थी। तभी दूल्हे ने कहा कि उसे शौच के लिए जाना है। वधू पक्ष के लोग उसे ले जाने लगे, तो वह घर के बाहर जाने की कहकर निकल गया और फिर लौटकर नहीं आया। दो घंटे तक वर-वधु पक्ष के लोग उसका इंतजार करते रहे। फिर भी वह नहीं आया तो उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। दुल्हन के पिता ने 100 डायल पर फोन कर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दूल्हे के पिता और बहनोई को हिरासत में ले लिया। यह देखकर सभी बराती वहां से चले गए। दुल्हन के पिता का आरोप था कि द्वारचार रस्म के बाद दूल्हा सोने की जंजीर और अंगूठी की मांग कर रहा था। विदाई के समय उसे देने का वादा कर दिया। फिर भी वह चला गया। पूरी घटना की जानकारी होने के बाद दुल्हन ने भी शादी से इन्कार कर दिया।

एसएसआइ अनिल कुमार का कहना है कि दूल्हे का पता नहीं चला है। दोनों पक्षों के बीच वार्ता चल रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.