पीएम मोदी की रैली के लिए भाजपाइयों ने दिखाया दम
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। आगरा में बुधवार को आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली सफल बनाने के लिए भाजपाइयों ने दम दिखाया। जिले से बड़ी संख्या में भाजपाई आगरा पहुंचे। वहीं जिले के अधिवक्ताओं को पुलिस ने एत्मादपुर पर रोक लिया।
जेएनएन, फीरोजाबाद: आगरा में होने वाली पीएम नरेंद्र मोदी की रैली के लिए भाजपाइयों ने सुबह से जोश दिखाया। बसों और प्राइवेट वाहनों में सवार होकर कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगरा के लिए रवाना हो गए। सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक रवाना हुई बसों में कई भरीं थीं तो कई बसों में डेढ़ दर्जन कार्यकर्ता ही नजर आए। भाजपाईयों के जोश को देख टोल प्लाजा पर रास्ता पहले से साफ रखा गया था।
आगरा के कोठी मीना बाजार में हुई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा में शामिल होने के लिए भाजपाइयों ने ताकत झोंकी थी। कैबिनेट मंत्री प्रो.एसपी ¨सह बघेल से लेकर जिला प्रभारी विधायक अनिल पाराशर गांव-गांव जन संपर्क में जुटे रहे। फीरोजाबाद से 25 हजार कार्यकर्ताओं को पहुंचाने का लक्ष्य दिया गया था।
बुधवार सुबह लगभग दस बजे से बसों की रवानगी शुरू की गई। एक दो बसों पर कार्यकर्ता छत पर बैठे थे तो कई बसों में एक सीट पर एक आदमी गया। दोपहर एक बजे तक बसों की रवानगी चलती रही। वहीं पार्टी के नेता और पदाधिकारी निजी वाहनों से रवाना हुए। बसों से रवाना हुए कार्यकर्ताओं के लिए लंच पैकेट तैयार कराए गए थे। टूंडला टोल प्लाजा पर रैली की बसें बिना पैसे दिए गुजरीं। पहले तो तकरार हुई, लेकिन बाद में टोल बसों और रैली वाहनों के लिए खोल दिया गया, जिसके चलते जाम के हालात नहीं बने। वहीं चंद्रवाड़ क्षेत्र में एक बस खड़ी रह गई। बताया गया कि बस के लिए बनाया गया प्रभारी ही नहीं पहुंचा। देर शाम तक भाजपाई रैली से वापस लौटे।
टूंडला में एत्मादपुर पुल पर लगा शिविर: एत्मादपुर रेलवे ब्रिज पर एफएच मेडिकल कॉलेज के पास शिविर लगाकर भाजपा नेताओं ने जिले से जाने वाली बसें एवं छोटे वाहनों के नंबर संख्या, रैली में जाने वाले लोगों की संख्या दर्ज कीं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप ¨सह, क्षेत्रीय मंत्री उदय प्रताप ¨सह, रामबहादुर चक चेयरमैन, वृंदावन गुप्ता, हनुमंत ¨सह बघेल उर्फ गुडडू, सुशील पौनिया, नीलम दिवाकर, रामनिवास उपाध्याय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।