आचार्य सुरत्न सागर महाराज का मंगल प्रवेश
जगह-जगह बनाए गए तोरण द्वार भक्तों ने पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन श्री छदामीलाल जैन मंदिर में कलश स्थापना के साथ शुरू हुआ चातुर्मास।
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: सोमवार को आचार्य सुरत्न सागर महाराज ससंघ का गाजेबाजे के साथ श्री छदामीलाल महावीर जैन मंदिर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। इस दौरान जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए और ड्रोन द्वारा आचार्य श्री ससंघ पर पुष्पवर्षा की गई। मंदिर प्रांगण में बने पंडाल में 21 स्वर्ण, रजत एवं कांस्य कलश स्थापना के साथ चातुर्मास शुरू हुआ। दीप अर्चना एवं भजन संध्या हुई।
सुबह सात बजे आचार्य सुरत्न सागर महाराज ससंघ ने दर्जनों भक्तों के साथ श्री छदामीलाल महावीर जैन मंदिर के लिए विहार शुरू किया। विहार में सबसे आगे चल रही जैन पताका आचार्य ससंघ के आने का संदेश दे रही थी। भक्त श्रीजी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
आचार्य ससंघ सदर बाजार, सेंटर चौराहा, गांधी पार्क, होते हुए श्री छदामीलाल जैन मंदिर पहुंचे। यहां जैन यूथ क्लब के युवाओं ने आचार्य ससंघ को नमोस्तु कर एवं जैन नगर खेड़ा स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर की महिला मंडल की महिलाओं ने पुष्प वर्षा की।
इसके बाद श्री महावीर जैन ने आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन किया और विनोद जैन मिलेनियम ने ध्वजा रोहण किया। विनोद जैन बोहरे, विमल जैन, अनुज जैन, मयंक जैन, प्रमोद जैन ने भगवान महावीर, आचार्य महावीर कीर्ति,आचार्य सौभाग्य सागर महाराज के चित्र का अनावरण किया। इंदौर से आए गीतकार रुपेश जैन ने अपने भजनों के माध्यम से भक्तों को नृत्य करने पर विवश कर दिया। इस बीच आचार्य विवेक सागर महाराज ससंघ ने पंडाल पर प्रवेश किया। आचार्य सुरत्न सागर महाराज ने चरण वंदना कर उन्हें मंच पर अपने साथ बैठने का आग्रह किया। दो अलग अलग परंपराओं के गुरुओं को एक ही मंच पर मुस्कुराते देख भक्त जयकारे लगाते हुए अपने स्थान पर ही झूमने लगे।
मंदिर प्रांगण में बने पंडाल में 21 स्वर्ण, रजत एवं कांस्य कलश स्थापना के साथ चातुर्मास शुरू हुआ। कार्यक्रम में निमिष जैन, शैलेंद्र जैन, विशाल जैन, जितेंद्र जैन, मनोज जैन, आदीश जैन, मनीष जैन, प्रवीण जैन, नेमीचंद्र जैन, दिनेश जैन, राजीव जैन, प्रवीण जैन,राकेश जैन अनुराग जैन सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।