आज से खनकेंगी चूड़ियां, गोदाम खोलने को हरी झंडी
आज से खनकेंगी चूड़ियां गोदाम खोलने को हरी झंडी
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: कांच कारखानों का पहिया घूमने के बाद अब चूड़ी की खनक भी सुनाई देगी। फिलहाल चूड़ी फैक्ट्रियां तो शुरू नहीं हो पा रही है, लेकिन शुक्रवार से चूड़ी गोदाम को खोलने की छूट दे दी गई है। शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए काम चलेगा, लेकिन स्टॉक से हाथ ठेलों पर माल नहीं भेजा जा सकेगा। गोदामों में पड़ा माल तैयार होने लगेगा। ट्रांसपोर्ट को पहले ही छूट मिल गई है।
चूड़ी कारखानों में कच्ची चूड़ी तैयार होने के बाद सजाने संवारने का काम चूड़ी गोदामों पर होता है। फीरोजाबाद शहर में छोटे बड़े मिलाकर दस हजार चूड़ी गोदाम में हैं। इनमें कच्चे माल का स्टॉक रहता है। 24 मार्च को अचानक हुए लॉकडाउन में गोदाम भी बंद हो गए और करोड़ों का माल बंद हो गया। इसके साथ ही मजदूर भी नहीं पहुंच पाए और न ही बाहर के आर्डर पूरे किए जा सके। लॉकडाउन 4 में जहां उद्योगों को रियायत दी गई, वहीं चूड़ी की गोदाम नहीं खुल पाए थे। इसको लेकर चूड़ी गोदाम संचालक दो दिनों से प्रशासन से वार्ता कर रहे थे। गुरुवार को कारोबारी आनंद अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, सौरभ गुप्ता के साथ प्रतिनिधियों ने सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह से वार्ता की।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि चूड़ी गोदाम खोलने की अनुमति दी गई है। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक गोदाम खोले जा सकेंगे। सभी गोदाम संचालकों को शारीरिक दूरी के पालन और मास्क की अनिवार्यता बता दी गई है। इसके उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। वहीं बाजार में निकलने वाली चूड़ी की ठेलों पर फिलहाल रोक रहेगी।