पुलिस की सख्ती पर भड़के चूड़ी कारोबारी, किया विरोध
पुलिस की सख्ती पर भड़के चूड़ी कारोबारी किया विरोध
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: प्रशासन की बिना अनुमति सुबह तमाम चूड़ी गोदाम व स्टॉक खुले गए, जिन्हें पुलिस ने सख्ती के बाद बंद करा दिया। पुलिस की सख्ती पर शाम को चूड़ी कारोबारियों ने सड़क पर आकर विरोध जताया।
हनुमान रोड, दुर्गा नगर, सरक्यूलर रोड, पुरानी मंडी सहित आसपास क्षेत्र में काफी संख्या में चूड़ी गोदाम व स्टॉक हैं। देर शाम प्रशासन द्वारा जारी आदेश के आधार पर सुबह से गोदाम खोलना शुरू हो गए। गोदाम के बाहर भीड़भाड़ होने पर कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस कर्मियों ने एक-एक कर सभी गोदाम बंद करा दिए गए। ठेल वालों को चेतावनी दी कि सड़क पर नजर आए तो माल जब्त कर लिया जाएगा। पुलिस की सख्ती से चूड़ी कारोबारियों में खलबली मच गई। शाम को चूड़ी व्यापारियों ने सड़क पर आकर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मामला सदर विधायक मनीष असीजा तक पहुंचा। विधायक के कहने पर एसओ रसूलपुर व्यापारियों से वार्ता करने मौके पर पहुंचे। लोटनलाल धर्मशाला में हुई बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया अभी आठ जून तक कोई गोदाम व स्टॉक खोलने की अनुमति नहीं है। प्रशासन द्वारा आदेश जारी करने के बाद ही गोदाम खुल सकेंगे। मौके पर व्यापारी नेता अंबेश शर्मा, पार्षद हरिओम वर्मा, प्रमोद राजौरिया, आलिद अग्रवाल, मुकेश बाबा, कपिल अग्रवाल, संजय अग्रवाल, रामकिशोर राठी मौजूद रहे।