फिरोजाबाद में नीब करौरी बाबा धाम बनेगा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र, पांच हेक्टेयर से अधिक भूमि पर भव्य कॉरिडोर
फिरोजाबाद के टूंडला स्थित बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली अकबरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की ...और पढ़ें

बाबा का मंदिर।
HighLights
बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली अकबरपुर का कायाकल्प।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बनाने के लिए कॉरिडोर का प्रस्ताव।
8.66 करोड़ रुपये के फेज-1 विकास कार्य जारी।
संवाद सहयोगी, टूंडला (फिरोजाबाद)। बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली अकबरपुर के कायाकल्प की तैयारी तेज हो गई है। डीएम ने शुक्रवार को गांव का निरीक्षण कर पर्यटन विकास कार्यों और प्रस्तावित कारिडोर की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। कारिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण पर जोर दिया।
दोपहर एक बजे डीएम संतोष कुमार शर्मा ने निर्माणाधीन कार्याें का निरीक्षण किया। उन्होंने डाक बंगलिया, बाबा के आवास को भी देखा। डीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 में संशोधन कर नीब करौरी बाबा सर्किट को शामिल किया गया है।
बाबा नीब कराैरी धाम बनेगा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र
इस सर्किट से लखनऊ, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद स्थित बाबा की जन्मस्थली अकबरपुर और मथुरा-वृंदावन को जोड़ा गया है। इससे धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि बाबा की जन्मस्थली के समग्र विकास के लिए पर्यटन विभाग की ओर से एक भव्य कोरिडोर निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए जन्मस्थली के समीप पांच हेक्टेयर से अधिक भूमि खरीदने की प्रक्रिया चल रही है।

डीएम पहुंचे बाबा के गांव।
पांच हेक्टेयर से अधिक भूमि पर बनेगा भव्य कॉरिडोर
भूमि उपलब्ध होने के बाद यहां भव्य प्रवेश द्वार, पर्यटन सुविधा केंद्र एवं आश्रम, ध्यान एवं वेलनेस सेंटर, बहुउद्देशीय सभा स्थल, पार्किंग, फूड कोर्ट, म्यूजियम एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर, ओपन एयर थिएटर, प्रसाद मंडप और डाइनिंग हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। निरीक्षण के समय पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव, एसडीएम दिव्या सिंह सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
8.66 करोड़ से हो रहे फेज-1 के विकास कार्य
डीएम ने बताया कि जन्मस्थली पर पर्यटन विभाग की ओर से चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। वर्ष 2023-24 में स्वीकृत 865.98 लाख रुपये की फेज-1 परियोजना के तहत डोरमेट्री, रेस्तरां, सभा स्थल, डिजिटल लाइब्रेरी, सीसी रोड, सेप्टिक टैंक, सबमर्सिबल पंप और साइट डेवलपमेंट के कार्य कराए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- UP में नीब करौरी बाबा के नाम पर बनेगा स्पिरिचुअल सर्किट, वृंदावन-फिरोजाबाद सहित इन जगहों के लिए टूर पैकेज शुरू
222.47 लाख रुपये से होगा फेज-2 के विकास कार्य
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 की 222.47 लाख रुपये की फेज-2 परियोजना में टायलेट ब्लॉक, गार्ड रूम, सीसी रोड, नाली, ट्यूबवेल, बाह्य विद्युत कार्य और म्यूरल वर्क शामिल हैं। इसके अलावा 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन विकास योजना के तहत प्रवेश द्वार, साइनेज, ब्रेंच और डस्टबिन समेत अन्य अवस्थापना सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
