विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा-वाराणसी वंदेभारत एक्सप्रेस बड़ी दुर्घटना से बची, की-मैन की सतर्कता आई काम

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 16 Oct 2026 08:45 PM (GMT+05:30)

शिकोहाबाद-मक्खनपुर के बीच रेल पटरी में दरार आने से शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोलिंग कर रहे की-मैन ...और पढ़ें

वंदे भारत एक्सप्रेस और पटरी में आई दरार।

वंदे भारत एक्सप्रेस और पटरी में आई दरार।

संवाद सूत्र, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। शिकोहाबाद-मक्खनपुर स्टेशनों के मध्य शुक्रवार सुबह सवा सात बजे डाउन लाइन पर रेल पटरी में दरार आ गई। जिसे पेट्रोलिंग कर रहे रेल कर्मचारी (की-मैन) ने देख लिया। इसके बाद उसने लाल झंडी दिखाकर हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन को रुकवाया। इससे बड़ी दुर्घटना टल गई। इस घटना से अधिकारियों के बीच अफरातफरी मच गई।

तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंच कर 40 मिनट में रेल लाइन में आई दरार की मरम्मत करते हुए रेलवे ट्रैक को ठीक किया। मक्खनपुर में तैनात की-मैन सुनील कुमार की नजर पेट्रोलिंग के दौरान शिकोहाबाद-फ़िरोज़ाबाद के बीच रेलवे लाइन में आई हुई दरार पर पड़ी। इसके साथ ही दरार वाले स्थान पर लगी फिश प्लेट भी खुलने की कगार पर उसे नजर आई।

इसी बीच डाउन लाइन पर आगरा कैंट से बनारस जा रही नाॅन स्टाॅप वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन आने वाली थी। विभागीय टीम के आने तक ट्रेन का रुकना संभव नहीं था, इसलिए की-मैन ने दो डंडों से बनाई लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रुकवाया। जैसे ही ट्रेन के चालक ने लाल झंडी को देखा तो ट्रेन के आपात ब्रेक लगाए, फिर भी ट्रेन खराब हिस्से से काफी आगे तक निकल गई।

इधर जानकारी मिलते ही मौके पर रेलवे के कर्मचारी और टूंडला से अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभाला तथा 10 किमी प्रति घंटे की गति सीमा रखकर ट्रेन को सुरक्षित आगे रवाना कराया। इसी दौरान टूंडला स्थित मुख्य नियंत्रण कक्ष को सूचित किया गया।

सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया, विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और रेलवे ट्रेक की मरम्मत का काम शुरू कराया। तब जाकर 40 मिनट बाद ही यातायात सुचारू हो सका। वहीं इस घटना के बीच इंटरसिटी और वंदे भारत 10 मिनट के लिए शिकोहाबाद और मक्खनपुर के बीच खड़ी रही।