गंगाजल के नल से निकला सांप का बच्चा, मची खलबली
-पार्षद की सूचना पर जलनिगम व जलकल की टीम मौके पर पहुंची -अधिकारियों ने गलियों का किया निरीक्षणलोगों ने पेयजल समस्या बताई
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: जलनिगम द्वारा शहर वासियों को गंगाजल की सप्लाई की जा रही है, लेकिन गुरुवार को कश्मीरी गेट क्षेत्र में पाइप लाइन के जरिए एक सांप बच्चा पहुंच घर के अंदर पहुंच गया, जिससे लोगों में खलबली मच गई। पार्षद की सूचना पर अधिकारी क्षेत्र में दौड़ते नजर आए।
गर्मी बढ़ने के साथ शहर में पेयजल संकट बढ़ रहा है। गुरुवार को शहर में कई क्षेत्रों में पानी संकट रहा। जलनिगम द्वारा सुबह आठ बजे वार्ड 59 कश्मीरी गेट में पानी की सप्लाई खोली गई। गली नंबर 16 निवासी शमीम अपने घरों में पानी भर रहे थे। उसी दौरान एक सांप को बच्चा टब में तैरने लगा। सांप के बच्चे के देखे लोगों में खलबली मच गई। शमीम ने मामले की सूचना क्षेत्रीय पार्षद मुहम्मद इसरार को दी। पार्षद ने जलनिगम व जलकल अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। जलकल विभाग के एक्सईएन चंदन सिंह, जलनिगम के सहायक अभियंता बली मुहम्मद सहित कई अधिकारी क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने पूरे क्षेत्र का सर्वे किया, तो गलियों में अधिकांश कनेक्शन खुले पाए गए। निरीक्षण के दौरान ने पेयजल समस्या भी बताई।
इस संबंध में जलकल के सहायक अभियंता का कहना है कि पाइप लाइन के जरिए कोई चीज अंदर जाना संभव नहीं है। संभवत: यह नाली में खुले कनेक्शन से ही अंदर गया होगा। पूरे क्षेत्र का सर्वे कर लिया है, जल्द खुले कनेक्शन बंद कराए जाएंगे।