फिरोजाबाद में सनसनीखेज वारदात, दिनदहाड़े गोलियां मारकर महिला की हत्या, हत्याकांड के बाद हमलावर मौके से फरार
Firozabad Crime News In Hindi तीन गोलियां मारकर महिला की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में छानबीन की है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। इलाके में दिनदहाड़ हत्या से सनसनी फैल गई।
फिरोजाबाद, जागरण टीम। फिरोजाबाद में दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पति कुछ दूरी पर बाइक लेकर महिला की प्रतीक्षा में खड़ा था।
अस्पताल जा रहे थे दंपती
उत्तर थाना क्षेत्र स्थित तिलक नगर में देशपाल जौदान 22 वर्षों से किराए के मकान में रह रहे हैं। उनकी 52 वर्षीय पत्नी सुधा की गर्दन में कई दिनों से दर्द है। जिसके लिए वह मेडिकल कालेज अस्पताल में फिजियोथैरेपी कराने जाती थीं। सुबह पौने 10 बजे भी पति पत्नी अस्पताल जा रहे थे। पति बाइक लेकर सर्विसलेन पर तिलक नगर मोड़ पर खड़े थे। वहीं सुधा कमरे का ताला लगाकर उनके पास जा रही थीं।
ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी
गली से बाहर निकलते ही उन पर बाइक पर आए दो हमलावरों में से एक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने से महिला की मौत हो गई। हमलावर कौन थे और हत्या क्यों की गई। इसके बारे में अभी कुछ पता नहीं चला है। पति पत्नी यहां अकेले रहते थे। बेटा कर्नाटक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। वहीं बेटी की शादी हो चुकी है।