फतेहपुर में पानी के दबाव में टूटा बांध, उन्नाव में गंगा का बढना जारी
फतेहपुर में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढऩे से कटरी के हालात बिगड़ गए हैं। यहां के मदारपुर गांव में पानी का दबाव बढऩे से बंधा टूट गया। जिसके कारण गांव में पानी घुस गया है।
फतेहपुर (जेएनएन)। पर्वतीय क्षेत्र के साथ ही मैदानी इलाकों में लगातार बरसात के कारण नदियां उफान पर हैं। फतेहपुर के साथ ही उन्नाव में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है।
फतेहपुर में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढऩे से कटरी के हालात बिगड़ गए हैं। यहां के मदारपुर गांव में पानी का दबाव बढऩे से बंधा टूट गया। जिसके कारण गांव में पानी घुस गया है। यहां पर बाढ़ के खतरे को देखते हुए बेनी खेड़ा, काली कुंडी व बिंदकी फार्म गांव के ग्रामीणों ने गांव से पलायन शुरू कर दिया है। उधर मदारपुर गांव में लगाया गया बंधा कल रात पानी के दबाव में टूट गया। इसके बाद जाड़े का पुरवा गांव के स्कूल में पानी घुस गया। एसडीएम सुशील कुमार गोंड ने बताया बाढ़ प्रभावित गांव हाई अलर्ट पर हैं। नाव लगा दी गई हैं। काली कुंडी, बेनी खेड़ा बिंदकी फार्म गांव के लोगों का निकलना शुरू हो गया है।
उन्नाव में गंगा लगातार खतरे के निशान से ऊपर
उन्नाव में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढऩे के कारण नदी खतरे के निशान से दो सेंटीमीटर और बढ़ गई है। कल ही इसका जलस्तर खतरे के निशान से 113 सेंटीमीटर ऊपर था और यह आठ सेंटीमीटर और ऊपर हो गया है। आज शाम तक खतरा और भी बढ़ जाने की आशंका बनी हुई है।
अब रविवार और फिर सोमवार को क्रमश: दो लाख दो हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से जलस्तर और बढ़ जाने पर बाढ़ मुश्किल बढ़ाती रहेगी। उक्त दोनों दिन का पानी पहुंचने पर जलस्तर दस से 15 सेमी तक बढऩे से पानी खतरे के निशान से 18 से 23 सेमी ऊपर पहुंच जाएगा।