जोखिम के बीच यमुना के डूबे पीपा पुल से निकालते वाहन
फोटो 42 केस एक- किशुनपुर कस्बा निवासी एक शिक्षक बीते नौ फरवरी को कार से बांदा जनपद शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर शाम वापसी के दौरान रास्ता भटक गए। गहराई में वाहन घुस गया। जैसे-तैसे अंदर बैठे लोगों को सुरक्षित कर ट्रैक्टर की मदद से गाड़ी को बाहर निकाला गया।
संवाद सहयोगी, खागा : किशुनपुर-दांदो घाट के मध्य यमुना नदी पर बने पीपा पुल के दोनों ओर कच्चे रास्ते पानी में डूब गए। हफ्ते भर तक वाहन चालक इधर से नहीं निकले। कुछ दिन बाद नदी का जलस्तर कम हुआ तो वाहन चालकों ने पानी में घुसकर निकलना शुरू कर दिया। बाइक, चार पहिया वाहन तथा ईट लादे ट्रैक्टर ट्रालियां हर रोज गहरे पानी में घुसकर नदी पार करते हैं।
20 जनवरी को यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पीपा पुल पर आवागमन बंद करा दिया गया। दोनों ओर बना कच्चा रास्ता पानी में डूब गया। एक सप्ताह तक पुल पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहा। जलस्तर में मामूली गिरावट दिखाई पड़ते ही वाहन चालक जोखिम लेकर पानी में घुसकर आवागमन करने लगे। दिन के उजाले में वाहन चालक एक-दूसरे को देखकर धारा पार कर लेते हैं। रात में अक्सर रास्ता भटक जाने की वजह से वाहन चालक गहराई में घुस जाते हैं। प्रतिदिन जोखिम लेकर सैकड़ों दो पहिया वाहन, 40-50 ट्रैक्टर ट्राली व चार पहिया वाहन गहरे पानी में घुसकर आवागमन करते हैं।
--------------------------
केस एक- किशुनपुर कस्बा निवासी एक शिक्षक बीते नौ फरवरी को कार से बांदा जनपद शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर शाम वापसी के दौरान रास्ता भटक गए। गहराई में वाहन घुस गया। जैसे-तैसे अंदर बैठे लोगों को सुरक्षित कर ट्रैक्टर की मदद से गाड़ी को बाहर निकाला गया।
............
केस दो- 10 फरवरी की शाम दांदो से किशुनपुर कस्बा की ओर आ रही बोलेरो गाड़ी गहराई में घुस गई। वाहन सवारों ने बाहर निकलकर आवाज लगाई तो घाट किनारे मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर की मदद से गाड़ी बाहर निकाली गई।
.........
केस तीन- 12 फरवरी की रात किशुनपुर कस्बा निवासी सगे भाइयों मनोज शुक्ल, विनोद शुक्ल, विमल शुक्ल तथा इनके पारिवारिक आशीष शुक्ल दो अलग-अलग मोटर साइकिलों से दांदो से कस्बा आ रहे थे। गहराई में चले जाने से चारों युवक डूबने लगे। तैराकी जानने की वजह से चारों बाहर निकल आए।
.........
केस चार- किशुनपुर कस्बा निवासी रामबरन यादव का परिवार टवेरा गाड़ी से बांदा निमंत्रण में गया था। 13 फरवरी की देर शाम वापस घर लौटते समय चार पहिया वाहन गहराई में चला गया। कार सवारों को घाट किनारे मौजूद लोगों ने बाहर निकाला। चार पहिया वाहन को ट्रैक्टर से बाहर निकाला गया।
............
कर्मचारी रोकेंगे वाहन
- कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वाहन सवारों को पानी में घुसकर निकलने से रोके। जबरदस्ती करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
- यूसी विश्वकर्मा, जेई लोक निर्माण विभाग