तिरंगे में लिपटा सैनिक का शव पहुंचा गांव
संवाद सूत्र हथगाम ब्लॉक के गुदामपर गांव निवासी 34 वर्षीय अनिल सिंह यादव भारतीय सेना में सैनिक
संवाद सूत्र, हथगाम : ब्लॉक के गुदामपर गांव निवासी 34 वर्षीय अनिल सिंह यादव भारतीय सेना में सैनिक थे। बीते 21 फरवरी को बेंगलुरू में तैनाती के दौरान इनको हार्टअटैक पड़ गया। एक महीने से ज्यादा समय तक सेना के अस्पताल में भर्ती रहने के बाद 25 मार्च को इनकी मौत हो गई।
बीती रात्रि सेना के जवान सैनिक का पार्थिव शरीर लेकर पैतृक गांव गुदामपर पहुंचे। तिरंगे में लिपटा सैनिक का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अंजू देवी, सात वर्षीय पुत्र अनुराग व परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हो गए। मृतक के ससुर जगदीश सिंह ने बताया कि 25 फरवरी को अनिल छुट्टी पर बिल्हौर आने वाले थे। चार दिन पहले ही उन्हें हार्ट अटैक पड़ गया। महीने भर से अधिक समय तक उनका सेना के अस्पताल में उपचार हुआ। बुधवार सुबह सैनिक का पार्थिव शरीर देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उनके दरवाजे पर एकत्र हुए। गांव में मृतक सैनिक का अंतिम संस्कार किया गया। बेंगलुरू से आए सेना के जवानों ने नम आंखों से साथी को आखिरी विदाई दी। परिवार में इनके पिता धर्मपाल सिंह के अलावा चार लोग भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं।