उफनाती नदी में नाव से जोखिम भरा सफर
संवाद सूत्र, किशुनपुर : यमुना नदी के उफान में आने के बाद भी विभागीय अफसरों ने स्टीमर का स
संवाद सूत्र, किशुनपुर : यमुना नदी के उफान में आने के बाद भी विभागीय अफसरों ने स्टीमर का संचालन नहीं कराया। मजबूरी में लोग जोखिम लेकर नावों से दरिया पार करते हैं। पीडब्लूडी अफसरों का दावा है कि जल्द ही स्टीमर का संचालन शुरु होगा।
बीते कई दिनों से यमुना नदी में बाढ़ बनी हुई है। बुधवार की सुबह जल स्तर में कमी आने से थोड़ी-बहुत राहत जरुर मिली है। इसके बावजूद उफनाती नदी नाव से पार करने वालों को जोखिम उठाना पड़ रहा है। किशुनपुर-दांदो घाट के बीच स्टीमर का संचालन न होने से स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बाजार आने वाले लोगों को छोटी नावों के सहारे दरिया पार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मानें तो नाविक क्षमता से अधिक सवारियां बिठाकर नदी पार कराते हैं। नदी के ऊफान में होने की वजह से हमेशा जोखिम रहता है। बांदा जनपद से पढ़ने के लिए किशुनपुर कस्बा स्थित कालेज तक आने वाले छात्र-छात्राओं की उपस्थित बुधवार को शून्य रही।
-
स्कूली बच्चों की समस्या की अनदेखी कर रहे अफसर
किशुनपुर कस्बा स्थित बाजार, सर्वोदय इंटर कालेज, बैंक तक प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग बांदा जनपद से आते हैं। बांदा जनपद के अलग-अलग गावों से 38-40 छात्र कस्बा स्थित विद्यालय पढ़ने आते हैं। पीडब्लूडी ने बच्चों के स्कूल आने-जाने वाले समय पर घाट किनारे दो बड़ी नावों का संचालन शुरु कराया। बाढ़ को देखते हुए स्टीमर संचालन की मांग ने जोर पकड़ा, उसमे अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो रही है।
-
बाजार की रौनक घटी
किशुनपुर कस्बा स्थित बाजार तथा गल्ला मंडी में बड़ी तादात में बांदा जनपद से ग्राहक आते हैं। बांदा जनपद के कारोबारियों, किसानों की आमद से यहां का व्यापार हमेशा अन्य मंडियों से बेहतर रहता है। सब्जी आढ़ती राजू, मोइनउद्दीन, सूरजबली सोनकर गल्ला आढ़ती वीरेंद्र शुक्ला, श्याम अग्रवाल आदि लोगों ने बताया कि यमुना नदी में बाढ़ के बाद से बाजार तथा मंडी की रौनक फीकी पड़ी है।
स्टीमर की तलाश जारी, जल्द होगा संचालन
विभाग के पास स्टीमर न होने से समस्या आ रही है। निजी संस्था से संपर्क किया जा रहा है। जैसे ही किराए में स्टीमर का बंदोबस्त होता है। यमुना नदी में संचालन शुरु कराया जाएगा। - आरके कुशवाहा, जेई लोक निर्माण विभाग