प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक से रामलीला का समापन
संवाद सहयोगी खागा विजयीपुर ब्लाक के सिलमी गांव में चल रही रामलीला में बीती रात्रि भगवान राम
संवाद सहयोगी, खागा: विजयीपुर ब्लाक के सिलमी गांव में चल रही रामलीला में बीती रात्रि भगवान राम के राज्याभिषेक से समापन हुआ। आखिरी दिन की लीला देखने के लिए पंडाल में सैकड़ों की संख्या में दर्शक रहे।
बीती रात्रि हुए लीला मंचन में लंका विजय के पश्चात भगवान राम, लक्ष्मण, माता जानकी, हनुमान व विभीषण समेत अयोध्या के लिए पुष्पक विमान से निकलते हैं। प्रभु श्रीराम के आगमन में देरी से भरत विह्वल हो जाते हैं। इसी दौरान हनुमान जी ब्राह्मण का भेष बनाकर भरत जी को श्रीराम के आगमन की सूचना देते हैं। प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी व उनके साथ आए पवनसुत हनुमान जी का अयोध्या वासियों ने पुष्प वर्षा करके स्वागत किया। भगवान राम के राज्याभिषेक का सुंदर मंचन किया गया। ग्रामीणों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की झांकी के दर्शन करके आरती उतारी। कमेटी अध्यक्ष शिवेश त्रिपाठी ने रामलीला समाप्ति की घोषणा करते हुए उपस्थित जन समूह से प्रभु राम के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कलाकारों ने लवकुश काण्ड का आकर्षक मंचन किया। उपाध्यक्ष मुकेश विश्वकर्मा, मंत्री मणिशंकर, कोषाध्यक्ष रिकू सिंह, उपमंत्री प्रीतू, धीरेंद्र सिंह, सत्यम सिंह, मंजुल, नानबच्चा, कामता त्रिवेदी, संतकुमार त्रिपाठी, रुद्रदत्त, प्रेम दत्त, शनि सिंह आदि लोग व्यवस्था में लगे रहे।