कमर तक पानी में घुसकर नदी पार करते लोग
संवाद सहयोगी खागा किशुनपुर व दांदो घाट के मध्य यमुना नदी पर बने पांटून पुल का कच्चा रास्त
संवाद सहयोगी, खागा: किशुनपुर व दांदो घाट के मध्य यमुना नदी पर बने पांटून पुल का कच्चा रास्ता पानी में डूब जाने के बाद भी पैदल राहगीरों का आवागमन नहीं रुका। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग जोखिम लेकर कमर तक पानी में घुसकर नदी पार करते हैं।
प्रमुख नदियों में बीते दिनों बांध से पानी छोड़ा गया था। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से किशुनपुर कस्बा व दांदो घाट के मध्य बने पांटून पुल के दोनों ओर कच्चा रास्ता पानी में बह गया। पांटून पुल पर वाहनों की आवाजाही ठप होने से पीडब्लूडी ने यमुना नदी में दो बड़ी नावों का संचालन शुरू करा दिया। किशुनपुर व दांदो घाट के मध्य यमुना नदी पार करने के लिए लोग नाव का इंतजार करने की बजाय, कमर तक पानी में घुसकर यमुना नदी पार करते हैं। बांदा जनपद की ओर से निकलने के लिए लोग पानी में घुसकर आवागमन करते हैं। किशुनपुर की ओर पीपा पुल ठीक होने से लोग इसका प्रयोग करते हैं। घाट किनारे मौजूद रामप्रसाद, कल्लू सिंह, बाबूलाल आदि ग्रामीणों का कहना था कच्चा रास्ता बनाने के लिए जेसीबी मशीन से मिट्टी खुदाई कराई गई थी। जिस रास्ते पर ग्रामीण कमर तक पानी में घुसकर निकल रहे हैं, जरा सी चूक पर गहराई में जा सकते हैं। पुलिस व पीडब्लूडी द्वारा किसी प्रकार की रोकथाम न लगाए जाने से दिन भर लोग जोखिम उठाकर नदी पार करते हैं।
-------
पांटून पुल पर आवागमन ठप होने के साथ ही विभागीय नावों का संचालन शुरू कराया गया है। दोनों जनपद के लोग नाव के माध्यम से निश्शुल्क नदी पार कर सकते हैं। घाट किनारे मौजूद विभागीय कर्मचारियों को निर्देशित किया जाएगा कि सख्ती से लोगों को नदी में घुसने से रोंके।
- यूसी विश्वकर्मा, जेई लोक निर्माण विभाग