विवाहिता की गला दबाकर हत्या, जंगल में मिला शव
सोमवार को ही मायके से आई थी, पिता ने जेठानी पर लगाया हत्या का आरोपी
जागरण संवाददाता फतेहपुर : किशुनपुर थानाक्षेत्र के अर्जुनपुर रेवाड़ी गाव में एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सोमवार रात्रि 12 बजे परिजनों के तलाश करने पर गाव के बाहर एक बाग में उसका शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एसपी राहुलराज ने पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए हत्योरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
किशुनपुर थाने के भ्योंखर मड़ौली गाव निवासी धमर्ेंद्र निषाद की पुत्री पिंकी देवी (20) की दो महीने पहले ही अर्जुनपुर रेवाड़ी गाव निवासी रामवीर निषाद के साथ शादी हुई थी। रक्षाबंधन पर मायके गई पिंकी सोमवार सुबह ही ससुराल आई थी। शाम को वह नित्यक्रिया के लिए खेतों की ओर गई थी पर लौटकर घर नहीं आई। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। उन्हें रात में पिंकी का शव आबादी के बाहर एक बाग में पड़ा मिला तो चीखपुकार मच गई। पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो थानाध्यक्ष हेमराज सरोज फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पिंकी के पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी जेठानी व कुछ अन्य लोग पुत्री को हमेशा जान से मारने की धमकी देते थे। आरोप लगाया कि जेठानी ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर हत्या की है। रात में ही पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण करके मृतका के पति, पिता तथा अन्य लोगों से पूछताछ की। हालांकि हत्या किसने और क्यों की, इसका अभी पर्दाफाश नहीं हो सका है। एसपी ने घटना का शीघ्र अनावरण करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।