रानीपुर मौरंग घाट पर कई राउंड फायरिग, दहशत
संवाद सूत्र धाता रानीपुर मौरंग खदान संचालकों के बीच रास्ते को लेकर चला आ रहा विवाद शुक्र
संवाद सूत्र, धाता: रानीपुर मौरंग खदान संचालकों के बीच रास्ते को लेकर चला आ रहा विवाद शुक्रवार सुबह गरमा गया। गहमागहमी के बाद दोनों पक्ष से कई राउंड हवाई फायरिग की गई। बाद में दोनों पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक ने शनिवार को राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में भूमि विवाद का निस्तारण कराने की बात कही।
थाना क्षेत्र में यमुना नदी पर तीन मौरंग खदानें बीते सत्र में चल रही थी। इस बार खनन शुरू होने से पहले ही दो खदान संचालकों के बीच रास्ते को लेकर विवाद शुरू हो गया। एक खदान संचालक ने बीते दिनों अपनी खदान से वाहनों को निकालने के लिए जो रास्ता बनवाया गया था, उसे दूसरे संचालक ने पोकलैंड मशीन ले जाकर उखाड़ दिया। रास्ते के विवाद में दोनों खदान संचालक आमने-सामने हो गए। शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी हो गई, तभी हवाई फायरिग शुरू हो गई। ग्रामीणों की मानें तो रूक-रूक कर कई राउंड फायरिग हुई। दोपहर बाद दोनों खदानों के संचालक व कर्मचारी थाने पहुंचे। थाने में उन्होंने रास्ते को लेकर अपना-अपना पक्ष रखा। खदान संचालकों ने एक ही रास्ते पर अपना-अपना पक्ष रखा। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह का कहना था खदान में रास्ते को लेकर कुछ समस्या थी फायरिग की बात गलत है।