एक प्रेम कहानी का अंतः बरात के दिन प्रेमी युगल फांसी के फंदे पर झूला
फतेहपुर में आज एक प्रेम कहानी का अंत हो गया। एक प्रेमी युगल ने बीती रात एक नीम के पेड़ में फांसी लगाकर खुदकशी कर ली।
फतेहपुर (जेएनएन)। एक प्रेमी युगल ने बीती रात नीम के पेड़ में फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। हुसेनगंज क्षेत्र के एक गांव में साथ जीने-साथ मरने की कसम को चरितार्थ करते हुए घर से निकलकर जंगल में पहुंच गए। यहां पर एक एक नीम का पेड़ उनके आखिरी सफर का सहारा बना। ऐसे में गमछा और दुपट्टा भी साथ हो लिए।एक ने गमछए का फंदा बनाया तो दूसरे ने दुपट्टे का और अपनी जान पर खएल गए। प्रेमिका की शनिवार को मध्यप्रदेश से बरात आनी थी और उसी दिन उसका शव प्रेमी संग लटका दिखा तो हड़कंप मचा। सनसनीखेज घटना की खबर पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लड़की वालों ने किया था शादी से इन्कार
हुसेनगंज थाने के एक गांव निवासी 19 वर्षीय युवती का स्वजातीय 23 वर्षीय युवक से करीब तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताते हैं कि एक दूसरे से अटूट प्रेम करने की खबर लगने पर लड़के वालों ने लड़की के घर शादी का संदेशा भिजवाया लेकिन लड़की वालों ने यह कहकर शादी करने से इंकार कर दिया कि वह गांव में बेटी की शादी नहीं करेंगे लेकिन उसके बावजूद प्रेमी युगल एक दूसरे से मिलता रहा। इसी बीच लड़की की शादी मध्यप्रदेश प्रांत के छतरपुर जिले के वनगांव में तय हो गई और बरात 23 जून यानि शनिवार को ही गांव आनी थी। जिस पर प्रेमी युगल शुक्रवार को देर रात घर से भाग निकले।
नीम के पेड़ पर गमछा और दुपट्टा
शादी वाले घर में लड़की के गायब होने पर लड़की व लड़के वालों के मध्य देर रात झड़प भी हुई लेकिन ग्रामीणों की मध्यस्थता से मामला शांत हो गया था। जिससे परिजन युगल को ढूंढने में व्यस्त हो गए। उधर प्रेमी युगल जंगल में एक बाग पहुंचकर एक नीम के पेड़ में गमछे व दुपट्टे से फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। शनिवार को प्रात: नित्य क्रिया करने गए ग्रामीणों ने युगल को फांसी पर लटकते देखा तो कोहराम मचा रहा। एसओ विपिन कुमार सिंह का कहना था कि जांच में स्पष्ट हुआ है कि युगल करीब तीन वर्षों से एक दूसरे से प्रेम करता था लेकिन लड़की के घर वालों के शादी से इन्कार कर देने पर युगल ने जान दे दी। दोनो पक्षों ने घटना की प्राथमिक सूचना थाने में दे दी है।