डीजे डांस के दूल्हे के चचेरे भाई पर झोंका फायर, हत्थे चढ़ा
- कंधे में गोली लगने से मची भगदड़ पीआरवी पहुंची - दुल्हन विदा कराकर आई थी बरात
डीजे डांस के दूल्हे के चचेरे भाई पर झोंका फायर, हत्थे चढ़ा
संवाद सूत्र, गाजीपुर (फतेहपुर) : क्षेत्र के शाखा गांव में बुधवार देर रात डीजे पर डांस के दौरान एक युवक ने दूल्हे के चचेरे भाई पर तमंचे से फायर झोंक दिया। कंधे पर गोली लगने से भगदड़ मच गई। पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) पहुंचकर हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया जहां से उसे एलएलआर, कानपुर रेफर कर दिया गया।
शाखा गांव निवासी गुलाब उर्फ झुर्रा पासवान के बेटे सुभाष की बरात 17 मई को राजस्थान के जयपुर शहर गई थी। यहां से दुल्हन विदा कराकर बरातियों के साथ दूल्हा सुभाष बुधवार दोपहर बाद घर आया। रात को डीजे डांस का कार्यक्रम रखा गया। बताते हैं कि देर रात 11 बजे के बाद तक डांस पर डांस चल रहा था, तभी दूल्हे के चचेरे भाई 25 वर्षीय राजकुमार उर्फ पिंटू ने विरोध किया। गुस्से में आकर गांव के ही रहने वाले सुत्तल पासवान ने तमंचे से फायर कर दिया। उपनिरीक्षक आरके पाठक ने बताया कि आरोपित सुत्तन उर्फ राजे पासवान को गिरफ्तार कर लिया है।