फतेहपुर में निवेश के नाम पर दो लाख की ठगी, सेना का भगोड़ा निकला मास्टरमाइंड
फतेहपुर में एक महिला से कंपनी में निवेश के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी की गई, जिसके बाद ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। कंपनियों में निवेश का झांसा देकर पीड़िता से दो लाख रुपये ठग लिए। रुपयों की धोखाधड़ी की जानकारी होते ही पीड़िता ने वापसी की बात रखी। मुकर जाने पर पीड़िता ने मलवां थाने में तहरीर देकर एक मुख्य साजिशकर्ता और दो सह साजिशकर्ता के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
यह है पूरा मामला
भदबा गांव की रहने वाली पीड़िता तुषिता कौशल का आरोप है कि उसके साथ सुनियोजित और संगठित अपराध करके रुपयों की ठगी की गई है। उनके पति दुर्गा प्रसाद के मित्र आशीष कुमार से जान पहचान थी।
आशीष सेना का भगोड़ा है। कंपनी में निवेश करने के नाम पर उसे झांसा दिया गया। 26 मार्च को आशीष ने फोन करके कंपनी में रुपये लगाने की बात कही।
दिल्ली जाकर पड़ताल करने का प्रयास किया तो उसने कहा कि दो लाख रुपया देने पर ही सब कम होंगे। उसने दो लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद वह अपने बात से मुकर गया।
खुद की जांच में पता चला कि संगठित गिरोह बनाकर यह साजिश करता है, जिसमें सह साजिश कर्ता सुधा देवी पत्नी सरोज कुमार निवासी सूजाबाद जिला वाराणसी के खाते में रुपये डाले गए।
धोखाधड़ी में अक्षय मलिक निवासी मदीना जिला सोनीपत हरियाणा भी शामिल है। थानाध्यक्ष रमाशंकर सरोज ने बताया कि मुख्य साजिशकर्ता आशीष कुमार, सह साजिशकर्ता सुधा देवी और अक्षय कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की विवेचना करवाई जाएगी।
साइबर ठगों से होल्ड कराए गए रुपये दिलाने की मांग
गाजीपुर थाने के चुरियानी गांव निवासी दीपक कश्यप के साथ एक जून 2026 को साइबर ठगों ने एक लाख 94,000 रुपये की ठगी कर ली थी। साइबर ठगी का शिकार होते ही पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई थी। जिस पर पुलिस ने जिस खाते में रुपये ट्रांसफर किए गए थे, उसके रुपये होल्ड करवा दिए।
पीड़ित ने एकबार फिर से शिकायत करते हुए केरला ग्रामीण बैंक में होल्ड रुपये दिलाए जाने की मांग रखी है। पीड़ित ने बताया कि बैंक में 86,802 रुपये होल्ड किए हुए पड़े हैं।
मैसेज भेज कर साइबर ठगों ने ठगे 1,22,000 रुपये, पांच हजार आए थे वापस
सदर कोतवाली के न्यू बस्ती ज्वालागंज निवासी मोहम्मद अहमद पुत्र अबु अहमद ने बताया कि उसके वाट्सएप नंबर पर एक मैसेज आया। मैसेज खोलते ही उसका खाता नंबर हैक कर लिया। 21 अगस्त को एक लाख 22 हजार रुपये निकाल लिए। उसे जानकारी हुई थी तो वह बैंक जा पहुंचा और शिकायत की।
इसी बीच 25 अगस्त को उसके खाते में पांच हजार रुपये की रकम वापस आ गई। उसका एक लाख 17 हजार रुपये उसे नहीं मिले। सदर कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
लकड़ी के कोयले के आनलाइन कारोबार में डेढ़ लाख ठगे
सदर कोतवाली के लाला बाजार जोशियाना मोहल्ला निवासी मोहम्मद सुलेमान पुत्र उस्मान से लकड़ी के कोयले के आनलाइन कारोबार के लिए डेढ़ लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित का कहना है कि 21 और 22 जुलाई को आनलाइन सिस्टम से उसने 99 और 51 हजार रुपये आरोपित को दिए।
कारोबार का झांसे में फंसने का अहसास तब हुआ जब कोयला नहीं मिला। कोयला कारोबारी से बात करने की कोशिश की गई तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि आरोपित की तहरीर के आधार पर आनलाइन ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
साइबर ठगों ने खाते से 1,40,000 रुपये उड़ाए
सदर कोतवाली के जोशियाना मोहल्ला निवासी विवेक कुमार मिश्रा को साइबर ठगों ने आनलाइन ठगी का शिकार बनाया। 30 मई 2026 एक फोन काल आई। इसके बाद उसने झांसा देकर मीठी मीठी बातों में उलझाया। इसके बाद उसने ओटीपी पूछकर उसके खाते से एक लाख 48 हजार रुपये निकाल लिए।
यह रकम पहली किश्त में 98, 20 और तीन बार 10-10 हजार रुपये निकाल लिए। सदर कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि पीड़ित का आरोप है कि साइबर ठगों ने चार बार में आनलाइन ठगी की है। मुकदमा दर्ज करके विवेचना करवाई जा रही है।
