विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहपुर में 14 सरकारी स्कूलों को मिलेंगे नए भवन, 1.61 करोड़ की स्वीकृति; चार महीने में पूरा होगा काम

Published: Fri, 28 Aug 2026 01:51 PM (GMT+05:30)

फतेहपुर के 14 परिषदीय विद्यालयों को नए भवन मिलेंगे, जिसके लिए 1.61 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. फतेहपुर के 14 स्कूलों को मिलेंगे नए भवन।

  2. भवन निर्माण के लिए 1.61 करोड़ रुपये स्वीकृत।

  3. निर्माण कार्य चार माह में पूरा करने का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, फतेहपुर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के 14 प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों को जल्द ही नए भवन मिलेंगे। वर्ष 2026-27 में प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड (पीएबी) ने इन विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए 1.61 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। फिलहाल स्वीकृत बजट की 50 प्रतिशत धनराशि जारी कर दी गई है।

शेष धनराशि निर्माण कार्य की प्रगति के आधार पर जारी की जाएगी। जिन विद्यालयों में भवन स्वीकृत हुए हैं वहां अतिरिक्त कक्ष-कक्षा बनाएं जाएंगे और प्रत्येक के लिए 11.51 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर स्वीकृति की जानकारी दी है। प्रदेश भर में इन विद्यालयों के पुराने भवन पहले जर्जर और कंडम घोषित किए जा चुके थे, वहां सुरक्षा की दृष्टि से ध्वस्तीकरण कराया गया है।

अब ध्वस्तीकरण के बाद इन स्कूलों में नए भवन बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई है। अब नए भवनों के निर्माण से इन विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सकेगा। क्योंकि अभी तक इन स्कूलों के जर्जर भवन में बच्चों को भेजने के लिए अभिभावक कतराते रहे हैं।

361 जर्जर विद्यालय किए गये हैं ध्वस्त

पिछले दो वर्षों की बात की जाए तो जिले में 361 विद्यालयों को जर्जर के रूप में चिन्हित करते हुए इनका ध्वस्त कराया गया है। पहले चरण में 266 परिषदीय स्कूल ध्वस्त किए गये हैं, जबकि 50 स्कूलों को नीलामी प्रक्रिया में शामिल कर ध्वस्त कराया रहा है। 40 स्कूलों को भी ध्वस्त कराने की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

नए निर्माण के लिए यह विद्यालय हुए हैं चयनित जूनियर हाईस्कूल मिराई, खूंटा, बरौंहा, महना, ऐंझी, कटौता, कोर्रा कनक, सिलमी, नबावगंज, प्राथमिक विद्यालय हसऊपुर, सातों प्रथम, रासी का डेरा, बबुल्लापुर, स्कूल का चयन अतिरिक्त कक्ष-कक्षा निर्माण के लिए किया गया है। प्रत्येक स्कूल को निर्माण के लिए 11.51 लाख रुपये दिए जाएंगे।

चार माह का समय निर्धारित

अभी स्वीकृति राशि के सापेक्ष स्कूलों के खाते से आधी रकम दी गयी है, लेकिन निर्माण की अवधि भी तय कर दी गयी है। धनराशि प्राप्ति के बाद स्कूलों को निर्माण कार्य चार माह के भीतर पूरा करना होगा। हर दशा में दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने की टाइमलाइन रखी गयी है। प्रत्येक कक्ष आठ बाई छह मीटर लंबाई व चौड़ाई का होगा।

14 परिषदीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष-कक्षा निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है, पूर्व में जो स्कूल ध्वस्त कराये गये हैं वहां पहले से ही अतिरिक्त कक्ष कक्षा बने हैं, जहां नहीं है वहां अब स्वीकृत हो गये है। ऐसे में स्कूल भवनों की कमी खत्म हो जाएगी।

-प्रिंसी मौर्य, बीएसए