ढिबरी से लगी आग, गृहस्थी जलकर राख
संवाद सूत्र, धाता : थाना क्षेत्र के अहमदपुर कुसुंभा गांव में बीती रात्रि ढिबरी गिरने से लगी आग
संवाद सूत्र, धाता : थाना क्षेत्र के अहमदपुर कुसुंभा गांव में बीती रात्रि ढिबरी गिरने से लगी आग में विधवा के घर रखी गृहस्थी, खाद्यान्न व बेटी की शादी के लिए रखा दहेज का सामान जलकर राख हो गया।
गांव की रहने वाली सलमा बेगम पत्नी स्व. नईम के घर पर बीती रात्रि अचानक आग लग गई। पड़ोस के लोगों ने छप्पर से लपटें उठती देखी तो शोर मचाकर महिला व उनकी बेटियों को आग लगने की जानकारी दी। मुहल्ले वालों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। भुक्तभोगिनी सलमा बेगम ने बताया कि छप्पर के नीचे ढिबरी जल रही थी। ढिबरी गिरने से छप्पर में आग लग गई। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि बिजली की शार्ट-सर्किट से घटना हुई है। भुक्तभोगिनी महिला ने बताया कि दिसंबर महीने में पुत्री खुर्शीदा बेगम की शादी होनी थी। घर में रखा 30 हजार रुपए नकदी, दहेज का सामान, खाद्यान्न व गृहस्थी आग में जलकर राख हो गया। विधवा के घर हुई घटना के बाद मुहल्ले की महिलाओं ने उसके पास जाकर ढांढस बंधाया। तहसील प्रशासन को घटना से अवगत कराया गया है।