सड़क पर उफनाता गंदा पानी, बनी परेशानी
जागरण संवाददाता, फतेहपुर : गंदे पानी की पहले से ही समुचित व्यवस्था नहीं थी, सड़कों पर उतर
जागरण संवाददाता, फतेहपुर : गंदे पानी की पहले से ही समुचित व्यवस्था नहीं थी, सड़कों पर उतराता गंदा पानी परेशानी का सबब बना हुआ था। वहीं प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान ने मुहल्ले का बेड़ा गर्क करके रख दिया है। गलियों में भरा पानी दिक्कत का सबब बना हुआ है इससे मुख्य सड़क भी इससे अछूती नहीं रही। लोगों को परेशानी से उबारने के प्रयास दिखाई नहीं दे रहे हैं जिससे लोगों में आक्रोश फैलता जा रहा है।
सदर पालिका के आबूनगर दक्षिणी मुहल्ले का बुरा हाल है। साफ सुथरा होकर घर से निकलने वाले लोग गंदे हो रहे हैं। प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चे परेशान हो रहे हैं तो रात के समय मच्छरों के आतंक से निजात नहीं मिल पा रही है। जलभराव और गंदगी के बीच जी रहे लोगों का आरोप है कि पालिका प्रशासन पहले से ही संजीदा नहीं थी। नालियों से बहने वाला पानी परेशानी खड़ा करता रहा है। अतिक्रमण अभियान के चलते हुए तोड़फोड़ से बड़ी नालियां एवं नाले चोक हो गए हैं। दो पखवारे से मुहल्ले की मुख्य सीसी रोड में पानी भरा हुआ है। जिम्मेदारों के कानों में जूं नहीं रेंग रही है। सफाई की बात यहां पर बेमानी साबित हो रही है। अर्से से सफाई कर्मी नहीं आते हैं। प्रभावशाली लोगों के घरों के आसपास सफाई करके चले जाते हैं। पालिका में शिकायतों की सुनवाई नहीं हो रही है। बोली जनता
- मुहल्ले में सफाई व्यवस्था के साथ पहले से खिलवाड़ किया जा रहा था। अब जल निकासी पूरी तरह से बंद पड़ी है। अनिल कुमार - अतिक्रमण हटाओ अभियान के चलते हुई तोड़फोड़ के बाद चोक हुई नालियों की सफाई करने की सुधि नहीं ली जा रही है। नीरज कुमार - आबूनगर दक्षिणी की सफाई व्यवस्था पंगु बनी हुई है। गंदगी और जलभराव के चलते मच्छरों ने जीना हराम कर दिया है। फिरोज - सफाई, जल निकासी के लिए लगाए गए जिम्मेदार पूरी तरह से लापरवाही से डूबे हुए हैं। यही वजह है कि लोग परेशान है। शिव कुमार बोले जिम्मेदार
- सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। हाल ही में सफाई नायकों को मच्छर के लार्वा नष्ट करने के लिए मशीनें दी गई हैं। जिसकी जांच करवाई जाएगी। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत चोक हुई नालियों को साफ करवाया जाएगा। क्षेत्रीय सफाई नायक को टीम मुहैया करवाई जाएगी और सड़कों में भरा पानी हटवाया जाएगा।
- नजाकत खातून, चेयरमैन सदर नगरपालिका