बे-पटरी हुई ट्रैफिक व्यवस्था, बरेली हाइवे छह घंटे जाम
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : भाई दूज पर सड़कों पर खासा दबाव रहता है। इसकी जानकारी होन
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : भाई दूज पर सड़कों पर खासा दबाव रहता है। इसकी जानकारी होने के बावजूद पुलिस ने शुक्रवार को ट्रैफिक व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया। नतीजतन सुबह से ही पांचालघाट स्थित गंगा पुल पर जाम लग गया। वाहन इस कदर फंसे कि कुछ देर में ही बरेली हाइवे पर कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों ने यूपी 100 नंबर पर फोन करना शुरू किया तो शहर कोतवाली पुलिस को जानकारी हुई। वायरलेस पर संदेश प्रसारित किए जाने के बावजूद मौके पर पहुंची सीओ सिटी व अन्य पुलिस कर्मियों ने फुर्ती नहीं दिखाई। जिस कारण पुलिस अधीक्षक को वहां पहुंचना पड़ा। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। करीब छह घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
पांचालघाट पुल पर हमेशा जाम की स्थिति रहती है। भाईदूज की वजह से सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की खासी भीड़ थी। दिन चढ़ने पर पुल पर एक साथ कई वाहन आड़े-तिरछे फंस गए। पुलिस कर्मी वहां मौजूद नहीं थे। थोड़ी देर में ही बरेली हाइवे पर जमापुर मोड़ से लेकर मसेनी चौराहा, अमेठी कोहना तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिसमें रोडवेज व प्राइवेट बसें, ट्रक, कार, टेंपो, बाइकें, ई-रिक्शा, ट्रैक्टर ट्राली आदि बुरी तरह फंस गए। हाइवे पर पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा था। फुटपाथ पर दुकानें सजी होने से समस्या और बढ़ गई। यात्रियों ने यूपी 100 नंबर पर सूचना दी। उस समय शहर कोतवाली में सीओ सिटी मौजूद थे। एसपी का आदेश मिलने पर सीओ सिटी व ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पांचालघाट चौकी का फोर्स भी लगा था, लेकिन वाहन इतने ज्यादा फंसे थे कि उन्हें निकालना मुश्किल हो रहा था। पुलिस कर्मी भी कुछ देर में ही ढीले पड़ गए। दोपहर बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा स्वयं पांचालघाट पहुंचे। राजेपुर, अमृतपुर, मोहम्मदाबाद थानों की भी फोर्स बुलायी गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों ने जाम खुलवा पाया। इस दौरान करीब छह घंटे तक लोग परेशान रहे।