मंदिर में दर्शन करने आई महिला की चेन तोड़ी
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद नवरात्र के आखिरी दिन मंदिर में दर्शन करने आई महिला की भीड़
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : नवरात्र के आखिरी दिन मंदिर में दर्शन करने आई महिला की भीड़ में किसी महिला ने चेन तोड़ ली। घटना की जानकारी पर पुलिस ने मंदिर के सीसी कैमरे में आरोपित को पहचानने के प्रयास किया। काफी देर तक हाथ पैर मारने के बावजूद पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।
शहर कोतवाली के मोहल्ला विकास नगर निवासी नितिन दुबे की पत्नी शकुंतला बढ़पुर स्थित शीतला माता मंदिर दर्शन करने गई थीं। वह दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की लाइन में खड़ी थीं। तभी पीछे से किसी ने चेन तोड़ ली। चेन तोड़ लिए जाने का एहसास होने पर महिला ने शोर मचाया। शोर-शराबा होने पर वहां पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने महिला से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखे। हालांकि फुटेज में स्थिति साफ नहीं हो पाई। महिला शकुंतला दुबे का रो-रो कर बुरा हाल था। शकुंतला ने बताया कि उनकी चेन दो तोले की थी। जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये थी। उल्लेखनीय है कि मंदिर परिसर में आवास विकास चौकी के सिपाहियों के अलावा कोतवाली पुलिस की महिला कांस्टेबल भी सादा वर्दी में लगी हुई हैं। इसके बावजूद भी महिला की चेन तोड़ ली गई और पुलिस हाथ मलती रह गई। चौकी इंचार्ज विशेष कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है।
विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शस्त्र पूजन किया
संवाद सूत्र, कमालगंज : श्री दुर्गा नवमी के अवसर पर महरूपुर रावी स्थित दीप केसरी माता मंदिर पर गुरुवार शाम विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शस्त्रों की आरती कर पूजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने धर्म रक्षा की शपथ भी ली।
गुरुवार देर शाम महरूपुर रावी गांव स्थित दीप केसरी माता मंदिर पर विहिप के जिला उपाध्यक्ष श्याम सहयोगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शस्त्र पूजन किया। मंदिर के पुजारी ने शस्त्रों की आरती कर पूजन किया। विहिप जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि जाति पाति से ऊपर उठकर सिर्फ हिदू बनो। इस दौरान रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रवि दुबे, अजय माहेश्वरी, अतुल कुमार सिंह, आकाश ठाकुर, दीपक गिहार, आशीष दुबे व रवि यादव आदि लोग मौजूद रहे।