दौड़ लगाकर बीना कूड़ा, दिया स्वच्छता का संदेश
गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ की ओर से दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ में शामिल बच्चों और शिक्षकों ने कूड़ा को एकत्र करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। दौड़ समापन के बाद विद्यालय परिसर में भी साफ-सफाई की गई। उधर डीएन डिग्री कॉलेज में शिक्षकों और एनसीसी कैडेट्सों ने साफ-सफाई अभियान चलाया।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ की ओर से दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमे शामिल बच्चों और शिक्षकों ने कूड़ा एकत्र करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। दौड़ समापन के बाद विद्यालय परिसर में भी सफाई की गई।
बुधवार सुबह केंद्रीय विद्यालय में ब्रिगेडियर राजीव पुरी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर माला पहनाई और पुष्पार्चन किया। इसके बाद उन्होंने झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। दौड़ फतेहगढ़ चौराहा, विकास भवन तिराहा आदि मुख्य मार्गों से होती हुई वापस विद्यालय पहुंची। इस दौरान बच्चों ने सड़क व उसके आस-पास पड़े कूड़े व प्लास्टिक की बोतल आदि को एकत्र कर आते-जाते लोगों को प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि और प्रधानाचार्य आरसी पांडेय ने गांधी के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर उप प्राचार्या मधुवाला, सुजाता पाल, एमएन मिश्र, नीरज श्रीवास्तव, विमल राठौर, डॉ. मंदीप और राजेश आदि रहे। डीएन डिग्री कॉलेज के शिक्षकों और एनसीसी कैडेट्सों ने कॉलेज परिसर में सफाई अभियान चलाया। झाड़ू लगाने के बाद कूड़ा एकत्र किया। प्राचार्य डॉ. मुकेश राठौर ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद मिष्ठान बांटा गया। एनसीसी प्रभारी डॉ. आलोक कुमार, डॉ. पीयूष डॉ. विनीता वर्मा, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, जाकिर खां और रणवीर आदि रहे।