प्रदेश के सभी जिलों में सपा लगाएगी भगवान परशुराम की मूर्ति
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद विधान परिषद चुनाव में पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने आए पूर्व मं˜
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : विधान परिषद चुनाव में पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने आए पूर्व मंत्री व सपा नेता अभिषेक मिश्रा ने शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि वह फर्रुखाबाद सहित पूरे प्रदेश में भगवान परशुराम की मूर्तियां लगवाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम व अन्य देवी देवताओं के नाम पर राजनीति कर रही है। वह भी श्रीराम व श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हैं।
बद्री विशाल डिग्री कालेज में पत्रकारों से वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चार साल में एक भी भर्ती नहीं की। जो कुछ भर्तियां कीं, उनमें भी जांच बैठ गई और मामले लटक गए। प्रदेश में बेरोजगारी का मुद्दा बड़ा है। युवा डिग्रियां लेकर घूम रहे हैं। भाजपा श्रीराम सहित अन्य देवी देवताओं का नाम लेकर राजनीति करती है। वह भाजपा को सलाह देते हैं कि भगवान को न बांटें। वह भी जय श्रीराम और जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हैं और लगाते रहेंगे। पिछले दिनों लखनऊ में भगवान परशुराम की मूर्ति लगाने की घोषणा हुई तो भाजपा परेशान हुई। फर्रुखाबाद में जगह की तलाश की जा रही है। जहां शीघ्र भगवान परशुराम की मूर्ति लगेगी। वह पूरे प्रदेश में मूर्तियां लगवाने का मन रखते हैं। इससे पूर्व उन्होंने बैठक की जिसमें मंच पर लगे बैनर में भगवान परशुराम का चित्र लगाकर ब्राह्मण कार्ड खेला। लोगों को भरोसा दिया कि यहां के लोग जब भी उन्हें याद करेंगे वह आएंगे। लोहिया वाहिनी के पूर्व प्रदेश सचिव प्रदीप तिवारी, ब्लॉक प्रमुख सुबोध यादव, सचिन यादव, राघवेंद्र मिश्रा, जितेंद्र यादव, मंदीप यादव, महेंद्र कटियार, राघवदत्त मिश्रा, रामजी बाजपेयी, विवेक यादव आदि मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष सरल दुबे से भी फोन पर वार्ता की।