दंपती की एक ही चिता देख सभी की आंखों में थे आंसू
संवाद सहयोगी, कायमगंज : शनिवार को गंगा के ढाईघाट तट पर बड़ा ही मार्मिक दृश्य था। एक ह
संवाद सहयोगी, कायमगंज : शनिवार को गंगा के ढाईघाट तट पर बड़ा ही मार्मिक दृश्य था। एक ही चिता पर अशोक व उनकी पत्नी रानी गंगा के शवों को रखा गया था। जीवन भर साथ रहने वाले दंपती की एक साथ सजी चिता को जब इकलौते बेटे आदित्य ने मुखाग्नि दी। तो सभी की आंखों से आंसू बह रहे थे।
बताते चलें कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ममापुर निवासी अशोक गंगवार लखनऊ में अमौसी एयरपोर्ट पर सीनियर मैनेजर के तौर पर सेवारत थे। उनकी पत्नी रानी गंगवार गांव ममापुर के पास स्थित गांव भटासा निवासी गुरुदत्त गंगवार की बहन थीं। शुक्रवार को लखनऊ से कायमगंज आते समय शमसाबाद क्षेत्र के ग्राम उलियापुर में उनकी कार तालाब में गिर जाने से दोनों की मौत हो गई थी। अशोक गंगवार अपने भतीजे की 19 नवंबर को होने वाली शादी में शामिल होने आ रहे थे। इस दुखद घटना से शादी वाले घर में मातम छा गया। मृतक दंपती के पुत्र आदित्य इंदिरा गांधी एयरपोर्ट दिल्ली में मैनेजर हैं, पुत्री श्वेता इलाहाबाद बैंक में सेवारत है। माता-पिता की मौत की सूचना पर दोनों शुक्रवार को ही यहां आ गए। मृतक दंपती ने अपना आवास कायमगंज में फर्रुखाबाद बाईपास रोड स्थित गंगवार कालोनी में बनवा लिया था। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव इसी मकान में आ गए थे। जहां से शनिवार की सुबह दोनों के शव अंत्येष्टि के लिए ढाईघाट रवाना हुए।