हंगामा कर रहे युवक पुलिस को देखकर तालाब में कूदे
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद पति से विवाद के बाद महिला की मदद करने मायके पक्ष के लोग दबंगों
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : पति से विवाद के बाद महिला की मदद करने मायके पक्ष के लोग दबंगों के साथ पहुंच गए। भीड़ देखकर पति एक घर में दुबक गया। हंगामा हो रहा था, उसी समय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर कई युवक तालाब में कूद गए। कई युवकों के चोट भी आई है। चौकी प्रभारी ने मायके पक्ष के लोगों सहित आठ के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला बढ़पुर गड़रियन नगला स्थित दुग्ध डेयरी के निकट एक महिला का पति से विवाद चल रहा है। महिला का मायका कन्नौज कस्बा गुरसहायगंज के मोहल्ला गांधी नगर में है। समझौते के बाद पांच माह पहले ही महिला ससुराल आई थी। रविवार को फिर से महिला का विवाद पति से हो गया। इसकी जानकारी उसने मायके में दी। इस पर मायके पक्ष के लोग आ गए। महिला की बहन शहर के मोहल्ला घोड़ानखास क्षेत्र में ब्याही है। इस कारण मोहल्ला घोड़ानखास व अंगूरीबाग के युवक भी महिला की मदद में पहुंचे। भीड़ देखकर पति व ससुरालीजन एक घर में दुबक गए। हंगामा चल रहा था, उसी समय आवास विकास चौकी प्रभारी विशेष कुमार फोर्स लेकर आ गए। पुलिस देखकर कई युवक तालाब में कूद गए। अन्य लोग गलियों में भाग गए। तालाब में कूदे कुछ युवकों के चोटें आईं। चौकी प्रभारी ने मोहल्ला अंगूरीबाग निवासी शिवम शाक्य, गुरसहायगंज के मोहल्ला गांधी नगर निवासी विनोद कुमार, प्रमोद कुमार, निहाल गुप्ता, संदीप कुमार, कुलदीप, शिवांशु व आकाश बाथम के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया।