सभासदों के खिलाफ एफआइआर को सफाई कर्मियों ने थाना घेरा
हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मियों का मंगलवार रात दो सभासदों से विवाद हो गया था। गालीगलौज व हंगामे के बाद अधिकारियों ने जैसे-तैसे मामला शांत कर दिया था। बुधवार दोपहर सफाई कर्मी सभासदों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंच गए और धरना दे दिया। थाना प्रभारी ने तहरीर की जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सफाई कर्मी वापस लौट गए।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मियों का मंगलवार रात दो सभासदों से विवाद हो गया था। गालीगलौज व हंगामे के बाद अधिकारियों ने जैसे-तैसे मामला शांत कर दिया था। बुधवार दोपहर सफाई कर्मी सभासदों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंच गए और धरना दे दिया। थाना प्रभारी ने तहरीर की जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सफाई कर्मी वापस लौट गए।
कर्मचारी नेता हरिओम वाल्मीक, अजय कुमार वाल्मीक व विनोद कुमार के नेतृत्व में सफाई कर्मी महिलाएं व पुरुष मऊदरवाजा थाने पहुंचे। सफाई कर्मियों ने आरोप लगाया कि वह लोग अधिकारियों के साथ हड़ताल को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दो सभासदों ने उनके साथ अभद्रता की। थाना प्रभारी ने प्रार्थनापत्र लिखकर देने को कहा। इस पर मोहल्ला नवाब न्यामत खां पश्चिम निवासी सर्वेश वाल्मीक ने तहरीर दी। जिसमें कहा कि वह लोग विभिन्न समस्याओं को लेकर नगरपालिका में धरना दे रहे हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों से 17 सितंबर की देर रात उनकी वार्ता चल रही थी। उसी समय तलैया फजल इमाम निवासी सभासद श्याम सुंदर लल्ला व कोठापार्चा निवासी सभासद अतुल शंकर दुबे ने वार्ता में व्यवधान डाला। उन्होंने व अन्य साथियों ने इसका विरोध किया। जिस पर हंगामा होने लगा और वार्ता नहीं हो सकी। सभासदों ने उन्हें व अन्य साथियों को जातिसूचक गालियां दीं। थाना प्रभारी ने उन्हें जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस पर सफाई कर्मी वापस लौट गए। सभासदों ने भी दी जवाबी तहरीर
सभासद अतुल शंकर दुबे की ओर से थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में कहा गया है कि वह लोग अध्यक्ष व उनके पति के बुलाने पर टाउनहाल पर चल रही समझौता वार्ता में गए थे। सभासद श्याम सुंदर वर्मा, आलोक मिश्रा, रफी अंसारी, अनवर खां, सभासद पति असलम अंसारी भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान सफाई कर्मचारी सर्वेश वाल्मीक ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद हरिओम वाल्मीक ने अन्य साथियों को बुला लिया। उन्होंने लाठी-डंडे निकाल लिए और अंदर घुस आए। हरिओम ने रिवाल्वर से जान से मारने की नियत से फायर किया, लेकिन कारतूस मिस हो गया। जिससे वह बच गए। उनके साथ मारपीट की गई। थाना प्रभारी ने जांच कर कार्रवाई करने को कहा। सभासद रावेश मिश्रा आदि कई सभासद व उनके परिजन मौजूद रहे।