रामनगरिया में हर तरफ गूंजा हर-हर गंगे
मेला श्री रामनगरिया में मंगलवार को साधुसंतों ने शोभायात्राएं निकालीं। शोभायात्रा में साधुसंतों ने तलबारबाजी आदि के करतब दिखाए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्राओं का स्वागत किया गया। महिला कल्पवासियों बढ़-चढ़कर भागेदारी की।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : मेला श्री रामनगरिया में मंगलवार को साधुसंतों ने शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में साधुसंतों ने तलबारबाजी आदि के करतब दिखाए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। महिला कल्पवासियों बढ़-चढ़कर भागेदारी की।
अखिल भारतीय श्री पंच तेहराबाई त्यागी खालसा वैष्णों संप्रदाय क्षेत्र से निकली शोभायात्रा में साधुसंत निशान लेकर चल रहे थे। इसके साथ ही पालकी में ठाकुरजी महाराज की मूर्ति रखी थी। जिधर से शोभायात्रा गुजरी, उधर कल्पवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। ठाकुरजी की मूर्ति के दर्शन भी किए। शोभायात्रा में शामिल साधुसंत रुक-रुककर करतब दिखाते हुए चल रहे थे। इसके साथ ही कल्पवासी हर-हर गंगे, जय-जय शिवशंकर के उद्घोष लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा पहली सीढ़ी, प्रशासनिक मार्ग से होती हुई चौथी सीढ़ी स्थित गंगा तट पहुंची। साधुसंतों ने गंगा मां का पूजन किया। इसके बाद यात्रा फिर मुख्यमार्गों से होती हुई वैष्णों संप्रदाय अखाड़े पहुंची, जहां समापन हो गया। महंत बालकदास, बजरंगदास, विष्णु महाराज, जगदीशदास, मुकेश दास, सरजूदास, फूलदास, सत्यिगिरि महाराज व झंझटगिरि महाराज आदि रहे।
उधर, चौथी सीढ़ी स्थित दंडी आश्रम विष्णु पंडाल से साधुसंतों ने शोभायात्रा निकाली। इस यात्रा में भी पालकी में ठाकुरजी महाराज की मूर्ति रखी थी। इसके साथ ही साधुसंत करतब दिखाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा मेला क्षेत्र के मुख्यमार्गो से होती हुई गंगा तट पर पहुंची, जहां पूजन के बाद वापस मुख्यमार्गों से होकर दंडी आश्रम पहुंची और समापन हो गया। समापन अवसर पर कल्पवासियों को प्रसाद बांटा गया। प्रकाशानंद महाराज, दंडी स्वामी भूदेवानंद, धर्मानंद ब्रह्मचारी, सर्वेश्वरानंद और गणेशानंद आदि मौजूद रहे।