असुरक्षित महसूस करने पर महिला को घर पहुंचाएगी पुलिस
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद शहर की आवास विकास कालोनी स्थित केडी महिला डिग्री कॉलेज मे
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : शहर की आवास विकास कालोनी स्थित केडी महिला डिग्री कॉलेज में मिशन शक्ति के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को सुरक्षा के टिप्स दिए गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल मिश्र ने कहा कि छात्राएं व महिलाएं यदि असुरक्षित महसूस करें तो हेल्प लाइन नंबरों पर जानकारी दें। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं को सम्मान देने की सोच हम सभी को अपने अंदर पैदा करना चाहिए। सरकार इस दिशा में गंभीर है। इसके लिए यूपी 112 सहित कई हेल्प लाइन नंबर जारी किए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आएगी। यातायात प्रभारी देवेश कुमार ने सरकार की ओर से चलाए गए अभियान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं व महिलाओं से हेल्पलाइन नंबरों का जरूरत पड़ने पर उपयोग करने का आह्वान किया। छात्रा प्रियांशी दीक्षित, विधि कुमारी, अनामिका पाल, सलोनी पुरवार ने नारी शक्ति पर विचार व्यक्त किए। जिसमें सलोनी का उद्बोधन सबसे अच्छा मानकार उन्हें प्रोत्साहित किया गया। कोतवाली प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय आदि ने विचार व्यक्त किए। प्राचार्य मिथलेश यादव ने धन्यवाद दिया। संचालन अवधेश यादव व रीना कश्यप ने किया। भारतीय महाविद्यालय में प्रो. विवेक सिंह की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रो. प्रेमशंकर पांडेय, डॉ. आलोक शुक्ल, प्राचार्य रमन प्रकाश आदि मौजूद रहे।