बेसहारा गोवंश के चारे के लिए मिले एक करोड़ रुपये
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : बेसहारा गोवंश द्वारा किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने की
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : बेसहारा गोवंश द्वारा किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं के बाद जनपद के विभिन्न गांवों और नगरीय क्षेत्रों में बनाई गई लगभग साढ़े तीन सौ गोशालाओं में रखे गए छह हजार गोवंश के लिए चारे की समस्या समाप्त होने जा रही है। समस्या को देखते हुए शासन ने जनपद को एक करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है।
विगत कई माह से बढ़ रहे बेसहारा गोवंश के किसानों के खेतों में उत्पात और फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद शासन के निर्देश पर गांवों में अस्थाई गोशालाएं तो बना दी गईं, लेकिन उनके चारे की व्यवस्था के लिए ग्राम प्रधानों को स्थानीय लोगों की समिति बना कर व्यवस्था करने को कह दिया गया। इसके चलते गोशालाओं में गोवंश के चारे की समस्या खड़ी हो गई। मामले में शासन को अवगत कराया गया था। इसी के मद्देनजर शासन की ओर से प्रदेश के सभी जनपदों के लिए एक-एक करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई। धनराशि जिलाधिकारी के खाते में आ गई है। हालांकि अभी धनराशि के खर्च के बारे में शासन से गाइड-लाइन नहीं प्राप्त हुई है।
जिला पशु चकित्साधिकारी डॉ. राजकिशोर ने बताया कि जनपद की 603 ग्राम पंचायतों में से 360 में अस्थाई गो-शालाएं संचालित हैं। इनमें लगभग 5611 गोवंश रखे गए हैं। इसके अलावा नगर क्षेत्र में आधा दर्जन अस्थाई गो-शालाएं संचालित हैं। इनमें 435 गोवंश रखे गए हैं। कटरी धर्मपुर स्थित चरागाह में रखे गए लगभग दो सैकड़ा सांड़ भी इसमें शामिल हैं। गोशालाओं में रखे गए गोवंश के चारे आदि के लिए शासन से मिले एक करोड़ रुपये की धनराशि को गाइडलाइन प्राप्त होने के बाद व्यय किया जाएगा।