नगर पंचायत कर्मियों ने कूड़ा जलाया, राहगीर परेशान
संवाद सूत्र कमालगंज कोर्ट ने खेतों में पराली जलाने पर तो पाबंदी लगा दी लेकिन यहां नगर पंचा
संवाद सूत्र, कमालगंज : कोर्ट ने खेतों में पराली जलाने पर तो पाबंदी लगा दी, लेकिन यहां नगर पंचायत कर्मचारियों ने सड़क किनारे ट्रैक्टर से फेंके गए कूड़े के ढेर में आग लगा दी। जिससे राहगीरों के साथ साथ खेतों पर काम करने वाले किसान भी परेशान हो गए।
सरकार भले ही खेतों पर पराली जलाने के लिए किसानों को समझा रही हो, लेकिन यहां बेखौफ नगर पंचायत कर्मियों ने कस्बे से उठाकर सड़क किनारे फेंके गए कूड़े में ही आग लगा दी। जिससे मंगलवार शाम शेखपुर गुमटी के निकट नथुआपुर मार्ग तथा भोजपुर मार्ग के किनारे कूड़ा जलता रहा। कूड़े के ढेर की आग बुधवार को भी समाप्त नहीं हुई। जिस कारण इधर से गुजरने वाले राहगीरों व खेतों पर काम करने वाले किसान बेचैन दिखाई पड़े। खेतों पर काम कर रहे लोगों ने बताया कि धुएं से निकलने वाली घातक गैसों के कारण खेत पर काम करना मुश्किल हो गया है। यहां अक्सर कोई न कोई कर्मचारी कूड़े के ढेर में आग लगा देता है। जिससे उन लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इस बाबत नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मुन्ना कुमार पासी ने बताया कि उन्हें कूड़ा जलाए जाने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कूड़े के ढेर से उठने वाला धुआं अस्थमा मरीजों के लिए घातक
कमालगंज : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. विकास पटेल ने बताया कि कूड़े के ढेर से उठने वाला धुआं फेफड़ों में इंफेक्शन फैला सकता है। साथ ही अस्थमा के मरीजों को परेशानी बढ़ा सकता है। यही नहीं यह धुआं बच्चों के लिए बहुत ही खतरनाक है। उन्होंने बताया कि धुएं में मिथेल गैस, ऑर्गेनिक गैस, कार्बन मोनोऑक्साइड, कार्बन डाइऑक्साइड जैसी घातक गैसें निकलती हैं। किसी को इस तरह कूड़ा नहीं जलाना चाहिए।