पांच बरातियों संग लॉकडाउन में हुई शादी
कोरोना वायरस को लेकर चल रहे लाकडाउन में दूल्हा
संवाद सूत्र, नवाबगंज : कोरोना वायरस को लेकर चल रहे लॉकडाउन में दूल्हा व दुल्हन के वैदिक मंत्रों के साथ सात फेरे कराए गए। दूल्हा अपने दो छोटे भाइयों व मित्रों के साथ बरात लेकर शादी करने आया। शादी में दुल्हन के स्वजन ही शामिल हुए।
ग्राम बीरपुर निवासी बालिस्टर सिंह ने अपनी पुत्री सेजल की शादी जनपद मैनपुरी थाना बेबर के ग्राम सराय मदू निवासी धर्मेंद्र सिंह के साथ तय की थी। कोरोना वायरस को लेकर चल रहे लॉकडाउन के बढ़ने पर वर व वधू पक्ष के स्वजन शादी को लेकर परेशान हो गए। दोनों पक्षों में लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए शादी की आपसी सहमति बन गई। गुरुवार रात लगभग दस बजे दूल्हा धर्मेंद्र अपने भाई अतुल, ऋषिकांत व मित्र भानू प्रताप और अजय यादव के साथ के साथ ग्राम बीरपुर पहुंचा। फलदान की रस्म के बाद कन्या के स्वजनों ने बरातियों का स्वागत सत्कार के बाद नाश्ता व भोजन कराया। वरमाला की रस्म के बाद विवाह की रस्में पूरी कराईं। रात में ही सेजल के स्वजनों ने उसकी विदाई कर दी।