करवाचौथ : कोरोना से बेखौफ हो महिलाओं ने जमकर की खरीदारी
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद अपने सुहाग की लंबी आयु की कामना के लिए मनाया जाने वाले त्योहार
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : अपने सुहाग की लंबी आयु की कामना के लिए मनाया जाने वाले त्योहार करवाचौथ को लेकर सुहागनों में खासा उत्साह दिखाई दिया। करवा चौथ को लेकर प्रमुख बाजारों में इन दिनों काफी रौनक है। महिलाएं छोटे और बड़े बाजारों की दुकानों में करवा चौथ के सामान की खरीदारी के लिए पहुंची। बाजार में महिलाओं को कोरोना का कोई खौफ नहीं दिखा। महिलाओं की सबसे ज्यादा भीड़ कपड़े और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर नजर आई।
करवाचौथ पर बाजारों की रौनक बढ़ गई है। चूड़ी से लेकर सराफा दुकानों पर खरीदारी करने के लिए महिलाओं के भीड़ नजर आई। आलम यह रहा कि दोपहर को शहर के मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। सेठ वाली गली व चूड़ी वाली फतेहगढ़ में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। ब्यूटीपार्लरों में कोविड-19 के नियमों के तहत संचालिकाओं ने काम किया।
परंपराओं व संस्कृति का प्रतीक करवाचौथ आने में एक ही दिन शेष है। इसे लेकर शहर की महिलाओं में खासी तैयारी चल रही है। महिलाएं कास्मेटिक से लेकर कपड़ों की जमकर खरीदारी कर रही हैं। शहर के मुख्य बाजारों में विशेष सजावटी थाली, छलनी लोटा, मिट्टी व पीतल के करवा की खास मांग है। सोमवार को रेलवे रोड, नेहरू रोड, घुमना बाजार लालसराय, सेठ गली, स्टेट बैंक रोड फर्रुखाबाद, चूड़ी वाली गली फतेहगढ़, भोलेपुर और कोतवाली रोड फतेहगढ़ आदि बाजारों में भारी भीड़ नजर आई। कोरोना के खतरे के बावजूद महिलाओं में करवाचौथ के व्रत को लेकर काफी उत्साह दिखा। दुकानों पर सजावटी थाली एवं सजावटी छलनी की भी खूब बिक्री हुई। दुकानदार सुमित कुमार ने बताया कि महिलाओं को रेडीमेड ड्रेस व धागे की चूड़ियां खूब भा रही हैं। रेडीमेड लहंगों और हल्के वर्क वाली साड़ियों की मांग है। मास्क व किट पहन संचालिकाओं ने ब्यूटीपार्लर में किया काम
कोरोना से बचाव के लिए शहर के ब्यूटी पार्लरों में भी खास इंतजाम किए गए। ब्यूटी पार्लर संचालिका नीता मिश्रा ने बताया कि पार्लर में आने वाली सभी महिलाओं को सैनिटाइज कर प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही मास्क लगाना अनिवार्य है। सभी महिलाओं को अलग-अलग समय दिया जा रहा है। पार्लर के सभी स्टॉफ मास्क व किट पहन कर ही कार्य करते हैं। घरों में भी मेहंदी लगाने के आर्डर हैं। अरेबिक, मारवाड़ी व फुल हैंड मेहंदी की मांग ज्यादा है।